महासमुन्द

कोरोना के बाद जगन्नाथ की पहली रथयात्रा
02-Jul-2022 4:13 PM
कोरोना के बाद जगन्नाथ की पहली रथयात्रा

एक झलक पाने के लिए गजब की भीड़ रथ के साथ-साथ चलते रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 जुलाई।
शुक्रवार दोपहर ठीक 2 बजे पूजा पाठ, महाआरती के बाद सजधजकर नगर भ्रमण पर निकले भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलराम का हजारों लोगों ने दर्शन किया। रथ में सवार तीनों के एक झलक पाने के लिए हुजूम उनके रथ के साथ-साथ चलते रहा। श्रीराम जानकी मंदिर से संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने भगवान जगन्नाथ को रथ में बिठाया और यात्रा के पूरे समय उनके साथ पैदल यात्री बनकर रहे।

श्रीराम जानकी मंदिर ट्रस्ट से रथयात्रा निकाली गई, जहां सुबह से ही श्रद्धालु भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे। दोपहर दो बजे यहां से रथयात्रा शहर भ्रमण के लिए निकाली गई। इस दौरान प्रमुख रूप से विधायक एवं संससदीय सचिव विनोद चंद्राकर के साथ श्रीराम जानकी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष वीरेंद्र चंद्राकर, केशव चंद्राकर, चंद्रहास चंद्राकर, नगरपालिका के उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर, देवदत्त चंद्राकर, दिलीप चंद्राकर आदि मौजूद रहे।

जब भगवान का रथ मंदिर से बाहर आया तो यात्रा में सबसे आगे भजन गाते हुए श्रध्दालुओं की टोली थी। उसके पीछे महिलाएं रास्ते में झाड़ू लगाते हुए भजन गा रही थीं। कोई शर्बत बांज रहा था तो कोई गजामूंग का प्रसाद बांट रहा था।
इसके बाद भगवान का रथ था। लोग लगातार गजामूंग की प्रसादी ले रहे थे। बीते दो सालों में रथयात्रा नहीं होने के बाद इस साल गजब की भीड़ जिला मुख्यालय में थी। कांग्रेस चौराहे पर चारों तरफ सडक़ जाम हुई तो दो घंटे बाद ही आवाजाही बहाल हुई। कल रथयात्रा के दौरान भाजपाई, कांग्रेसी और आम आदमी पार्टी शहर के लोगों के साथ सडक़ पर खड़ी रही।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news