बालोद

कलेक्टर बने शिक्षक, स्कूल में बच्चों को पढ़ाया पहाड़ा
05-Jul-2022 2:52 PM
कलेक्टर बने शिक्षक, स्कूल में बच्चों को पढ़ाया पहाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बालोद, 5 जुलाई।
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम पैरी में आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक-02 और ग्राम सांकरी में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों की कुल उपस्थिति के संबंध में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र के स्टोर रूम का निरीक्षण कर रेडी-टू-ईट का अवलोकन किया। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आंगनबाड़ी केन्द्र के खाली पड़े स्थान को सुपोषण वाटिका के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यहां पर साग-सब्जी, फूल आदि लगाने के कार्य को आज से ही प्रारंभ करने को कहा।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने पूर्व माध्यमिक शाला सांकरी में पहुॅचकर अध्यापन कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षा छठवीं के बच्चों से पहाड़ा ज्ञान के संबंध में जानकारी ली। कक्षा में अध्ययनरत् विद्यार्थी चेतन ने सत्रह तक एवं युगांत ने तेरह तक का पहाड़ा पढक़र सुनाया।

इस पर कलेक्टर और अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बच्चों को बधाई एवं शुभकामनाएॅ दी तथा खूब मेहनत कर जीवन में उपलब्धि हासिल करने की सीख भी दी। इस मौके पर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने स्कूल के रसोई कक्ष का भी अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से शाला भवनों की स्थिति के संबंध में जानकारी ली एवं क्षतिग्रस्त भवनों को शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news