बलरामपुर

रामानुजगंज में 100 बिस्तर अस्पताल उन्नयन के लिए 12 विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ 94 पदों की मंजूरी
19-Jul-2022 7:41 PM
रामानुजगंज में 100 बिस्तर अस्पताल उन्नयन के लिए 12 विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ 94 पदों की मंजूरी

  स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि से लोगों में हर्ष  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,19 जुलाई।
नगर में आजादी से पूर्व 1934 से संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को स्थानीय विधायक बृहस्पत सिंह के प्रयास से 100 बिस्तर अस्पताल में उन्नयन करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा बजट में सम्मिलित किया गया था, जिसमें अब तेजी से क्रियान्वन प्रारंभ हो गया है। सौ बिस्तर अस्पताल के लिए 12 विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ 94 पद की स्वीकृति शासन के द्वारा प्रदान कर दी गई है, जो क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है।

गौरतलब है कि रामानुजगंज में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं 40 उप स्वास्थ्य केंद्र हैं, वहीं करीब दो लाख की आबादी स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं। विगत कई वर्षों से लगातार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बिस्तर किए जाने की मांग की जाती रही है। इस बीच विधायक बृहस्पत सिंह के द्वारा भी लगातार मुख्यमंत्री से 100 बिस्तर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को किए जाने की मांग की गई। जिस पर मुख्यमंत्री के द्वारा बजट में इसे शामिल किया गया था, अब इसका क्रियान्वयन शासन स्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है। 12 विशेषज्ञ डॉक्टरों के सहित 94 पद यहां के लिए स्वीकृत कर दिए गए हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।

इन पदों की मिली है स्वीकृति
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग मंत्रालय छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा अस्पताल अधीक्षक, मेडिकल विशेषज्ञ सर्जिकल विशेषज्ञ, निश्चितेना विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, नेत्र रोग विशेषज्ञ अस्थि रोग विशेषज्ञ स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित 12 विशेषज्ञ डॉक्टरों की स्वीकृति मिली है, वहीं आठ चिकित्सा अधिकारी 30 स्टाफ नर्स सहित 94 पदों की स्वीकृति मिली है।

नपं अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री एवं विधायक का माना आभार
नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बिस्तर किए जाने की मांग क्षेत्रवासियों के द्वारा लंबे समय से की जाती रही है। इस बीच स्थानीय विधायक की पहल पर मुख्यमंत्री के द्वारा इसे बजट में शामिल किया गया, जिसके बाद अब 94 पदों की स्वीकृति मिल गई है। श्री अग्रवाल ने विधायक बृहस्पत सिंह एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नगरवासियों की ओर से आभार माना।

विधायक बृहस्पत ने कहा कि जन भावनाओं के अनुरूप हम लोगों ने जिला चिकित्सालय बलरामपुर में लगातार सुविधाएं बढ़ाने का कार्य किया, वहीं अब रामानुजगंज विधानसभा के सभी उप स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भी बेहतर करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बिस्तर में उन्नयन किए जाने को बजट में सम्मिलित किया था, वहीं अब इसके लिए 94 पद स्वीकृत कर दिए गए हैं। जिसके लिए हम सभी रामानुजनगंज विधानसभावासी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आभारी हैं।

मुख्यमंत्री से मिलकर करेंगे आभार व्यक्त
विधायक बृहस्पत सिंह ने कहा कि रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जिसे 100 बिस्तर में उन्नयन कर दिया गया है वहीं उसके लिए 94 पद की स्वीकृति प्रदान यह जाने से पूरे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री से मिलकर कल आभार व्यक्त करूंगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news