बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 23 जुलाई। चरित्र शंका में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के सिर पर शराब की बोतल फोड़कर हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना कोनी थाना के पौंसरा ग्राम की है। आरोपी धनेश धुरी (25 वर्ष) का अपनी पत्नी बृहस्पति बाई के साथ उसके चरित्र को लेकर आए दिन विवाद होता था। दोनों मजदूरी करते थे। आज सुबह दोनों काम तलाशने के लिए सरकंडा पहुंचे थे। दोपहर में दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान आरोपी ने शराब की बोतल से उस पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। फूटी हुई कांच की बोतल से उसने गले पर भी वार किया, जिससे उसे खून बहने लगा। आसपास के लोगों ने 112 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस ने पहुंचने पर देखा कि महिला की मौत हो चुकी है। उसे सिम्स चिकित्सालय भेजा गया, जहां मौत की पुष्टि हो गई। इधर आरोपी खुद ही थाना पहुंच गया और उसने बताया कि पत्नी को मार डाला है। सरकंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। मां की मौत और पिता के गिरफ्तार हो जाने के बाद उन्हें उनकी नानी के पास भेज दिया गया है।