बिलासपुर

मंकी पॉक्स को लेकर बिलासा एयरपोर्ट पर अलर्ट, यात्रियों से पूछा जा रहा तबीयत का हाल
28-Jul-2022 11:31 AM
मंकी पॉक्स को लेकर बिलासा एयरपोर्ट पर अलर्ट, यात्रियों से पूछा जा रहा तबीयत का हाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 28 जुलाई।
देश में मंकी पॉक्स के केस बढ़ने के बाद बिलासपुर एयरपोर्ट पर सतर्कता बरती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने यहां आने वाले यात्रियों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेना शुरू कर दिया है।

ज्ञात हो कि देश में कई स्थानों पर मंकी पॉक्स के मरीजों का पता चला है। रायपुर, भिलाई में भी कुछ मरीजों में यह लक्षण दिखा है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। मंकी पॉक्स ज्यादातर ट्रैवल हिस्ट्री वालों में पाया जा रहा है। बिलासा एयरपोर्ट दिल्ली, प्रयागराज, भोपाल और जबलपुर से जुड़ा हुआ है। साथ ही अन्य महानगरों तथा विदेशों से भी यात्री यहां इन फ्लाइट्स से पहुंचते हैं। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने यहां पहुंचने वाले सभी यात्रियों का फोन नंबर हासिल करना शुरू किया है और उनसे उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली जा रही है। मंकी पॉक्स जैसे लक्षण मिलने पर उन्हें जांच कराने की सलाह दी जा रही है। मंकी पॉक्स के मरीजों को बार-बार बुखार आता है, साथ ही पीठ और मांसपेशियों में दर्द होता है और शरीर में खुजली होती है। शरीर में इसके दाने उभर आते हैं। प्रभावित मरीज के संपर्क में आने पर यह दूसरों में फैलता है। मंकी पॉक्स का असर दो से तीन सप्ताह तक रहता है। इस दौरान मरीजों को आइसोलेशन पर रहने की सलाह दी जाती है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news