राजनांदगांव

जिले के 4 लाख घरों में शान से लहराएगा तिरंगा
04-Aug-2022 5:54 PM
जिले के 4 लाख घरों में शान से लहराएगा तिरंगा

कलेक्टर ने की हर घर तिरंगा फहराने की समीक्षा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अगस्त।
कलेक्टर डोमन सिंह ने मंगलवार को जिला अधिकारियों की बैठक लेकर आजादी की अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा फहराए जाने की समीक्षा की। कलेक्टर ने बताया कि जिले के 4 लाख घरों में तिरंगा फहराए जाने की तैयारी जिला प्रशासन द्वारा आरंभ कर दी गई है। 

कलेक्टर ने अधिकारियों को जिम्मेदारी देते कहा कि हर घर में तिरंगा फहराए जाने के लिए पुख्ता इंतजाम और व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता से करें। उन्होंने जिले की स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे तिरंगा की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि हर घर तिरंगा फहराए जाने के महत्तवपूर्ण कार्य में स्वसहायता समूह, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और इस महत्वपूर्ण कार्य में भागीदार बनने उत्सुक लोगों का सहयोग लेकर हर घर में तिरंगा वितरण के लिए विशेष कार्य योजना बनाएं। कलेक्टर ने बैठक में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से ग्राम पंचायतों की संख्या और कुल घरों की संख्या के अनुपात में आवश्यक मात्रा में तिरंगे की व्यवस्था कर लेने कहा है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और लोगों की सहमति से हर घर में तिरंगा फहराए जाने की व्यवस्था प्राथमिकता से समय पर करें।

कोरोना टीकाकरण की समीक्षा
कलेक्टर सिंह ने बैठक में कोरोना टीकाकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों से कहा कि वह अपने अधीनस्थ समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण का कार्य अविलंब पूर्ण करा लें। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए कारगर उपाय है। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में कोई भी अधीनस्थ कर्मचारी टीकाकरण से वंचित ना हो इस पर विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में कलेक्टर ने जिलाधिकारियों को जिम्मेदारी देते कहा कि सभी निर्माण एजेंसी यह सुनिश्चित करें कि सभी निर्माण स्थलों पर धन्वंतरी मेडिकल किट अनिवार्य रूप से रखें। इसके लिए उन्होंने निर्माण एजेंसियों के साथ ही जिलाधिकारियों को अपने कार्यालय की आवश्यकता के अनुसार प्राथमिक उपचार के लिए बनाए गए धन्वंतरी मेडिकल किट का क्रय करने के निर्देश दिए हैं। 

घोषणा पर करें अविलंब कार्रवाई
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री की जिले में की गई घोषणा की समीक्षा करते कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा पर तत्काल कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा विकास के साथ ही संबंधित क्षेत्र की आवश्यकता और अधोसंरचना को ध्यान में रखते हुए किया गया है। घोषणा पर अमल होने और निर्माण कार्य समय पर होने से संबंधित क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। कलेक्टर ने जिले में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर सभी कार्यों को अविलंब प्रारंभ कर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देवहारी, निष्ठा पाण्डेय, खेमलाल वर्मा, एसडीएम  अरूण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news