कोरिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 12 अगस्त। आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक विद्यालय में कौशल दक्षता के अंतर्गत प्राचार्य सत्येंद्र सिंह के निर्देशन एवं व्याख्याता अन्ना मेरी के संयोजन में विद्यालय की छात्राओं के बीच मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में रानी गुप्ता 12वीं प्रथम, रूबीना व लक्ष्मी सोनी द्वितीय एवं साक्षी सिंह 11वीं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता में माध्यमिक खंड में कक्षा 8वीं की सेजल प्रथम, पायल कक्षा 8वीं द्वितीय, एवं कक्षा 7वीं की छात्रा अंजू तीसरे स्थान पर रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में कंचन त्रिपाठी, अन्ना मेरी, सुशीला एक्का, प्रीतिलता गोस्वामी, अर्चना वैष्णव, सुमिंदर कौर एवं अल्का कल्पना मैथ्यूज शामिल रहीं।
विद्यालय प्रकोष्ठ के सांस्कृतिक प्रभारी सतीश उपाध्याय ने बताया आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर विद्यालय में 13 अगस्त को देश प्रेम से संबंधित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं हर घर तिरंगा तथा राष्ट्रीय ध्वज के महत्व पर प्राचार्य सत्येंद्र सिंह, वरिष्ठ व्याख्याता नारायण प्रसाद तिवारी अपने विचार रखेंगे। इस दौरान छात्राओं को आजादी की लंबी संघर्ष यात्रा वीर सेनानियों की जीवनी से भी परिचित कराया जाएगा।