जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुर, 16 अगस्त। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में एक युवक की दो भाइयों ने तब हत्या कर दी जब वह पंचायत की ओर से लगाए गये अर्थदंड को वसूल करने के लिए उनके पास गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घोघरकोना ग्राम के अजय राम का एक लडक़ी से प्रेम संबंध था। उसने बाद में उससे शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद गांव में पंचायत की बैठक हुई थी जिसमें अजय राम पर अर्थदंड लगाया गया था।
ग्राम का अशोक राम अपने भाई अमरदीप राम के साथ अर्थदंड की राशि वसूल करने के लिए गया था। वहां अजय राम और उसके भाई सीताराम ने दोनों पर हमला कर दिया। अशोक राम को लाठियों से इतना मारा गया कि घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। अमरदीप राम को भी कई जगह चोट आई। उसने सन्ना थाने में आकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ घंटे के भीतर ही आरोपी अजय राम और सीताराम को गिरफ्तार कर लिया।