बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 17 अगस्त। सिविल लाइन इलाके में पुलिस ने सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए कवर्धा की एक महिला दलाल और जांजगीर के तीन ग्राहकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बिलासपुर की दो लड़कियों को भी बरामद किया गया है।
भीड़-भाड़ वाले महाराणा प्रताप चौक की नगर निगम कॉलोनी के एक मकान पर पुलिस की नजर थी। शिकायत मिली थी कि पिछले चार महीने से एक महिला यहां आकर रुकती है और उसके बाद कुछ लड़कियां और युवक पहुंचते हैं, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध थी। बीती रात सिविल लाइन पुलिस ने दो आरक्षकों की ड्यूटी आसपास लगाई थी। एक डस्टर कार में आए तीन युवक उक्त मकान के भीतर घुसे। कुछ ही देर में सीएसपी मंजूलता बाज व टीआई परिवेश तिवारी की अगुवाई में पुलिस ने वहां छापा मारा। वहां एक महिला, उसके साथ दो युवतियां और तीन युवक मौजूद थे, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया। महिला कवर्धा की रहने वाली है और बीते चार माह से बिलासपुर में है। उसने किराये पर दो मकान ले रखे थे। एक में वह रहती है, दूसरा नगर निगम कॉलोनी का है, जहां वह सेक्स रैकेट चलाती है। जांजगीर से तीन युवक रात में अय्याशी के लिए पहुंचे थे। गिरफ्तार युवकों के नाम विजय टंडन (33 साल) नूतन कॉलोनी, मुकेश कटकवार (37 साल) कहरापारा व कलेश कुमार (39 साल) कनई निवासी हैं। सभी के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार अधिनियम (पीटा एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई है।