महासमुन्द

कोतवालों की मुनादी, जिला प्रशासन और पुलिस की चौकस व्यवस्था के बाद भी पूरी तरह से सफल नहीं हुआ दूसरा महाअभियान
19-Aug-2022 2:41 PM
कोतवालों की मुनादी, जिला प्रशासन और पुलिस की चौकस व्यवस्था के बाद भी पूरी तरह से सफल नहीं हुआ दूसरा महाअभियान

गुरूवार को आयोजित महाभियान में 40 हजार 228 लोगों ने लगाया टीका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 अगस्त।
महासमुंद जिले में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत लोगों को नि:शुल्क कोरोना टीका एक ही दिन में एक लाख लोगों को लगाने के उद्देश्य से कल गुरूवार को दूसरी बार महाभियान का आयोजन किया गया। दूसरी बार आयोजित यह महाभियान भी पूरी तरह से सफल नहीं हो सका। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन के सहयोग से 25 जुलाई को भी अभियान चलाया गया था। इसमें रिकॉर्ड 33891 लोगों को टीका लगाया गया। जबकि कल गुरूवार को आयोजित महाभियान में 40 हजार 228 लोगों को टीका लगाया गया।

(बाक्स-गुरूवार की बात कहें तो सुबह से महासमुंद जिले में कोविड टीकाकरण महाअभियान के तहत एक लाख पात्र लोगों को कोविड की पहली, दूसरी और बूस्टर डोज लगाने का काम शाम तक जारी रहा। इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिले की पुलिस प्रत्येक चौक चौराहों पर, पेट्रोलिंग के दौरान मेगा फोन के माध्यम से टीकाकरण महाअभियान कीजानकारी पहुंचाती रही। पंचायत विभाग के समस्त सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक लोगों को टीकाकरण के लिए सत्र स्थल पर एकत्रित करने तथा आवश्यकतानुसार वाहन व्यवस्था सुनिश्चित करते रहे। राजस्व विभाग का अमला 2 दिवस पहले ही गांवों में कोतवालों के माध्यम से सुबह-शाम मुनादी सुनिश्चित करा चुके थे। स्थल निरीक्षण के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई थी। महिला एवं बाल विकास विभाग अपने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं कर्मचारियों के माध्यम से घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों को टीकाकरण स्थल तक पहुंचाने का काम करते रहे। इसके अलावा अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, आम जनता और ग्रामीणों का भी सहयोग लिया गया।

इस महाभियान के तहत सभी सीएचसी, पीएचसी व सभी स्वास्थ्य केंद्रों के साथ शैक्षणिक संस्थाओं और अन्य स्थानों पर भी टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। इसके साथ ही मोबाइल टीम भी गठित की गई जो गांवों में घूम घूम कर लोगों को टीका लगाते रहे।  

कल इस महाभियान के लिए सुबह 10 बजे से देर शाम 6 बजे तक टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। प्रति घंटे लगभग 12 हजार 500 लोगों को कोरोना टीका लगाया जाना था। जिसके उलट प्रति घंटे लगभग 4 हजार लोगों को टीका लग पाया। पिछली बार आयोजित महाभियान टीके की अपर्याप्तता के चलते सफल नहीं हो सका था, लेकिन इस बार आयोजित महाभियान में पर्याप्त टीके और 393 सत्र बनाए गए, लेकिन परिणाम पिछली बार की तरह ही रहे।
इस बार जिले में कुल 7 लाख 82 हजार 792 लोगों को प्रिकॉशन डोज लगाया जाना था। इसके तहत लगभग ढाई लाख लोगों को पहले ही प्रिकॉशन डोज लगाया गया। इसमें लगभग एक लाख लोग 60 प्लस आयु वर्ग के साथ हेल्थ लाइन वर्कर और फ्रंटलाइन वर्कर शामिल रहे हैं। 15 जुलाई से शुरू हुए 18 प्लस के निशुल्क प्रिकॉशन डोज 30 सितंबर तक चलेगा। जिसके बाद लोगों को निजी अस्पतालों में शुल्क देकर प्रिकॉशन डोज लगवाना होगा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news