रायपुर

ईडी, आईटी के छापे बता रहे कौन संपन्न हुआ-चंदेल
19-Aug-2022 6:12 PM
ईडी, आईटी के छापे बता रहे कौन संपन्न हुआ-चंदेल

नेता प्रतिपक्ष ने अपने पहली पीसी में जमकर हमला किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 अगस्त। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने शुक्रवार को एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा में  छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस सरकार पर  निशाना साधा है। उन्होंने कहा प्रदेश के लाखों युवा बेरोजगार हैं। कांग्रेस ने किसानों को संपन्न बनाने का वादा किया था, लेकिन ईडी, आईटी के छापे बता रहे कौन संपन्न हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजयुमो बेरोजगार युवाओं के लिए जंगी प्रदर्शन करेगी। साथ ही सीएम हाउस घेराव भी करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने घोषणा पत्र में युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। कांग्रेस ने 2,500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने के वादे का  क्या हुआ ?  सरकार को श्वेत पत्र जारी कर बताना चाहिए कि कितने बेरोजगारों को और कब नौकरी दी गई। उन्होंने कहा 24 अगस्त को भाजयुमो  बेरोजगारी के मुद्दे पर सीएम हाउस का घेराव करेगी।

 चंदेल ने कहा कि  प्रदेश की स्थिति बदतर हो गई है। कानून व्यवस्था पूरी तरीके से बिगड़ गई है, विकास के कार्य बंद हो गए हैं, किसान परेशान हैं। सरकार ने किसानों को बोनस राशि देने का वादा किया था, लेकिन कितनी राशि दी गई बताएं। नकली खाद के कारण किसान काफी परेशान हैं। सरकार की धान खरीदी की व्यवस्था से किसान परेशान होकर अपना धान बेचा है। प्रदेश 51 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में डूबा हुआ है। अब कर्ज के ब्याज को पटाने के लिए वापस कर्ज लेना पड़ रहा है, प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब है।

चंदेल ने कहा  पूरे प्रदेश में विकास के काम बंद है। राज्य अराजकता की ओर बढ़ रहा है। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। छत्तीसगढ़ में सियासत और रियासत की लड़ाई चल रही है। हर वर्ग कांग्रेस की सरकार से परेशान है। हमने तीर्थ यात्रा शुरु की थी, वो सरकार ने बंद कर दिया, राज्य की दुर्दशा कांग्रेस सरकार ने की है। आगामी 2023 में सरकार के असली चेहरे को बेनकाब करते हुए बीजेपी  सरकार बनाएगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news