राजनांदगांव

महंगाई के खिलाफ केंद्र पर बरसे कांग्रेसी
28-Aug-2022 12:50 PM
महंगाई के खिलाफ केंद्र पर बरसे कांग्रेसी

शहर कांग्रेस अध्यक्ष छाबड़ा ने भाजपा शासन में बढ़े दामों का किया आंकड़ा पेश
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अगस्त।
महंगाई की मार से परेशान लोगों के पक्ष में कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र सरकार को घेरा है। रविवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा समेत अन्य नेताओं ने गुजरे सालों में बे-भाव बढ़े कीमतों से जुड़े आंकड़ों का एक ब्यौरा प्र्रस्तुत किया है। जिसमें बताया गया है कि सत्ता में आने के बाद से भाजपा ने पेट्रोल-डीजल समेत घेरलू सामानों की कीमतों लगातार बढ़ोत्तरी की है।

एक आंकड़ा प्रस्तुत करते पत्रकारवार्ता में छाबड़ा एवं कांग्रेसी नेताओं ने बताया कि 2014 से 2022 के बीच कीमतें आसमान में पहुंची है। घरेलू गैस सिलेंडर 156 प्रतिशत तक बढ़ गया है। जबकि 2014 में घरेलू गैस की कीमत 410 रुपए प्रति सिलेंडर थी। वर्तमान में सिलेंडर के दाम 1053 रुपए तक पहुंच गया है। इसी तरह 71 रुपए प्रति लीटर से पेट्रोल 100 रुपए पार हो गया है। यानी पेट्रोल की कीमतें भी 40 प्रतिशत बढ़ी है। डीजल में 75 प्रतिशत तक बढ़ोत्तरी हुई है।

2014 में डीजल की कीमत प्रति लीटर 57 रुपए थी। खाद्य पदार्थों की हालत सबसे खस्ता है। यानी लोगों को सरसो तेल 200 रुपए के भाव में खरीदने पड़ रहे हैं। रिकार्डतोड़ बढ़ोत्तरी के साथ सरसो तेल 122 फीसदी पहुंच गया है। आटा और दूध में क्रमश: 81 और 71 प्रतिशत वृद्धि हुई है। इस तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में देश बेतहाशा महंगाई से त्रस्त है। हर भाषण में महंगाई और बेरोजगारी खत्म के दावे किए जाते रहे हैं। कांग्रेसी नेताओं का आरोप है कि हरी सब्जियों की कीमतें भी अछूती नहीं है। सब्जी तरकारी के भाव भी 35 फीसदी बढ़े हुए हैं। दाल की कीमत भी आसमान छू रही है। कांग्रेस का आरोप है कि देश में बुनियादी जरूरतों पर सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। सिर्फ राजनीतिक लक्ष्य हासिल करने के इरादे से जुमलेबाजी कर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। श्री छाबड़ा ने कहा कि इस बेहिसाब महंगाई को सम्हालना अब लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में गरीब और गरीब होता जा रहा है। जबकि अमीरों को पालने-पोसने से भाजपा शासन में अमीरों की संपत्ति में लगातार वृद्धि हो रही है। पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेसी श्रीकिशन खंडेलवाल, पूर्व जिपं सदस्य कांति बंजारे, सूर्यकांत जैन, अमित चंद्रवंशी व अन्य कांग्रेसी शामिल थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news