राजनांदगांव
शहर के ममता नगर के गली नं. 5 में रातभर चोरों का उपद्रव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 सितंबर। शहर के ममता नगर में बीती रात को एक चोर गिरोह ने जमकर उपद्रव मचाया। गुजरी रात को गली नं. 5 में स्थित किराना और दवाई दुकान में ताला तोडक़र गल्ले में रखे नगदी से चोरों ने हाथ साफ कर दिया। वहीं अन्य 2 जगहों में चोरी का असफल प्रयास किया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक रमेश किराना और सानवी मेडिकल स्टोर्स में आज सुबह ताले टूटे मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को कुछ और जगह से चोरी का असफल प्रयास करने की जानकारी मिली है। इधर ममता नगर क्षेत्र में एक साथ 3 से 4 स्थानों में ताले टूटने की घटना से क्षेत्र के लोगों में भय की स्थिति निर्मित हो रही है। ज्ञात हो कि इससे पहले भी ममता नगर क्षेत्र में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी है। ऐसे में बीती रात 2 दुकान किराना और दवाई दुकान के गल्ले से नगदी रकम चोरी होने से दुकान संचालक को नुकसान हुआ है। वहीं अन्य स्थानों में चोरी का असफल प्रयास किया गया। ऐसे में शहर के कालोनी क्षेत्रों में चोर गिरोह एक फिर सक्रिय हो गया है।
गश्त पर उठ रहे सवाल
ममता नगर क्षेत्र में 2 से 3 दुकानों का ताला टूटने और अन्य स्थानों में चोरी का असफल प्रयास अज्ञात चोरों द्वारा किए जाने से गश्ती दल पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं बीते कुछ महीने पहले भी इसी क्षेत्र के मकान में भी चोरी की वारदात हो चुकी है। बीती रात 3 से 4 दुकानों के ताला टूटने की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त है।