राजनांदगांव

17 से भाजपा मनाएगी सेवा पखवाड़ा
16-Sep-2022 2:57 PM
17 से भाजपा मनाएगी सेवा पखवाड़ा

15 दिनों तक होंगे विविध कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता  
राजनांदगांव, 16 सितंबर।
केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर गांधी, शास्त्री जयंती 2 अक्टूबर तक पूरे 15 दिन की अवधि को भाजपा सेवा पखवाड़े के रूप में मनाएगी। इस दौरान पूरे 15 दिनों तक सेवा कार्य संबंधी अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। इसके लिए जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव की सहमति से सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के जिला प्रभारी  सावन वर्मा एवं सह-प्रभारी ने प्रत्येक दिन के लिए अलग-अलग प्रभारी बनाकर कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी है। जिनके द्वारा सभी 20 मंडलों में अलग-अलग दिन लगातार 15 दिनों तक कार्यक्रम संपन्न किए जाएंगे। जिसमें भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आमजनों को सेवा कार्य करने हेतु भी प्रेरित किया जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन को जनता की सेवा के लिए समर्पित करते हैं और प्रत्येक वर्ष सेवा पखवाड़े के रूप में देशभर की भाजपा इकाईयों द्वारा जनता के हित में सेवा के कार्य किए जाते हैं । उन्होंने कहा कि मोदी जब से प्रधानमंत्री बने हैं, तब से जनता को जनार्दन मानते हैं और उसी की सेवा के लिए दिन-रात लगे रहते हैं, इसलिए अपने जन्मदिन को उन्होंने जनता की सेवा के लिए समर्पित किया है ।  बैठक को पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा, दिनेश गांधी एवं सावन वर्मा ने संबोधित किया।

आयोजनों के लिए दी गई जवाबदारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर विशाल स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की योजना बनाई गई। युवा मोर्चा को रक्तदान शिविर की जिला स्तर पर आयोजन की जवाबदारी दी गई है। जिसके प्रभारी मोनू बहादुर सिंह, आकाश चोपड़ा,  डीगेश साहू बनाए  गए हैं। वृक्षारोपण के वृहद आयोजन को मंडल एवं बूथ स्तर पर करने की कार्ययोजना जिलाध्यक्ष बनाएंगे। प्रदर्शनी एवं पुस्तक स्टाल जिला स्तर पर आईटी विभाग एवं सोशल मीडिया प्रबंधन करेगा। चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा नि: शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं टीकाकरण केंद्रों पर पाम्प्लेट लगाने का कार्य किया जाएगा। कृत्रिम अंग एवं उपकरणों का वितरण जिला स्तर पर करने हेतु व्यापार प्रकोष्ठ व्यवसाय प्रकोष्ठ एवं आर्थिक प्रकोष्ठ को जवाबदारी दी गई।  

अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा प्रकोष्ठ द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।  मछुआरा प्रकोष्ठ द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत अमृत सरोवर पर श्रमदान किया जाएगा। महिला मोर्चा द्वारा जल संरक्षण का कार्यक्रम एवं जल ही जीवन पर जागरण का काम मंडल स्तर पर किया जाएगा। आत्मनिर्भर भारत के तहत वोकल फॉर लोकल का प्रचार-प्रसार बुनकर प्रकोष्ठ सांस्कृतिक प्रकोष्ठ एवं एनजीओ प्रकोष्ठ द्वारा किया जाएगा। इसी तरह से प्रबुद्धजन एवं बुद्धिजीवी सम्मेलन का आयोजन विधि प्रकोष्ठ एवं शिक्षा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वाधान में जिले स्तर पर आयोजित किया जाएगा। जिसके संचालन हेतु विकास तिवारी एवं अशोक चौधरी को प्रभारी बनाया गया।

बैठक में तय किया गया कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के दिन स्वच्छता अभियान एवं खादी खरीदी एवं किसान, जवान का सम्मान कार्यक्रम करना है। जिसके लिए किसान मोर्चा एवं पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ,  पंचायत प्रकोष्ठ को जवाबदारी देते प्रभारी हीरेंद्र साहू एवं संतोष सिंह को बनाया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news