राजनांदगांव

रमन की पसंद पर जल्द ही नए जिलाध्यक्ष की होगी ताजपोशी
18-Sep-2022 12:17 PM
रमन की पसंद पर जल्द ही नए जिलाध्यक्ष की होगी ताजपोशी

शहरी दावेदारों में रमेश, संतोष, सौरभ का नाम, देहात से दिनेश और मूलचंद भी दौड़ में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर।
प्रदेश की सत्ता में वापसी को लेकर हाल ही में सूबे में बनी भाजपा की नई टीम के अस्तित्व में आने के बाद राजनांदगांव जिला भाजपा के नए अध्यक्ष के मनोनयन को लेकर संगठन में काफी उठापटक चल रही है।
अगले साल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला भाजपा का मुखिया बनने के लिए पार्टी में दर्जनभर दावेदार हैं। जिनमें कुछ शहर और देहात क्षेत्र से दावेदार अध्यक्ष बनने के लिए जोर लगा रहे हैं। पिछले दिनों जिला भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में मौजूद रहे पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने रायशुमारी के बाद नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान की घोषणा की है। यानी यह तय है कि पूर्व सीएम की पसंद नए अध्यक्ष की नियुक्ति में काफी अहम होगी।

अध्यक्ष बनने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कुछ चेहरों की जमकर राजनीतिक हल्के में चर्चा है। शहर से रमेश पटेल,  संतोष अग्रवाल और  सौरभ कोठारी का नाम सामने आ रहा है। तीनों शहरी राजनीति के माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं। वहीं  मौजूदा भाजपा के महामंत्री दिनेश गांधी और मूलचंद लोधी का नाम ग्रामीण नेताओं में सबसे आगे है।

नए अध्यक्ष का जिम्मा देने से पूर्व पार्टी आलाकमान दावेदारों की राजनीतिक पृष्ठभूमि को भी आधार बनाकर निर्णय लेगी। ऐसे में रमेश पटेल तीन बार के शहर अध्यक्ष  होने के चलते दावेदारी में आगे निकल रहे हैं। चर्चा है कि सांसद संतोष पांडे ने उनके नाम को आगे बढ़ाया है। यानी सांसद का समर्थन मिलना एक तरह से पटेल के दावेदारी को और पुख्ता बना रहा है। पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष अग्रवाल भी दोबारा पद सम्हालने के इच्छुक हैं। हालांकि 60 साल से अधिक उम्र होना उनकी दावेदारी को कमजोर कर रहा है।

पार्टी के भीतर प्रदेश भाजपा की नई टीम की 60 वर्ष से कम नेताओं को जगह मिलने की तर्ज पर जिला की टीम बनाने की चर्चा है। दावेदारों में उम्र के लिहाज से सबसे युवा सौरभ कोठारी ने भी अध्यक्ष बनने की इच्छा जाहिर की है। कोठारी वर्तमान मे ंजिला भाजपा के कोषाध्यक्ष हैं। युवा मोर्चा के वह सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहे। करीब 6 साल तक उन्होंने जिला युवा मोर्चा की जवाबदारी निर्विवाद रूप से सम्हाला। सामाजिक सरोकार से जुड़े स्थानीय म्युनिसिपल हाईस्कूल मैदान में होने वाले दशहरा आयोजन को उन्होंने व्यापक रूप दिया। इस आयोजन को लेकर लोगों में हर साल बेसब्री से इंतजार रहता है।

इधर देहात नेताओं में दिनेश गांधी प्रबल दावेदार हैं। हालांकि वह विधानसभा चुनाव लडऩे में ज्यादा जोर दे रहे हैं। संगठन में वह महामंत्री के तौर पर फिलहाल कार्यरत हैं। अध्यक्ष से ज्यादा उनकी डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे की ख्वाहिश है। पिछड़ा वर्ग से मूलचंद लोधी का नाम भी चर्चा में है। मूलचंद  लोधी समाज के एक प्रमुख चेहरे हैं। उनके नाम पर भी विचार हो सकता है।


ये भी दौड़ में शामिल
भाजपा जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर कुछ और दावेदारों की नजरें है। उनकी राजनीतिक सक्रियता पार्टी में बनी हुई है। ऐसे में लोकतांत्रित अधिकार होने के चलते वह भी अपना दावा कर रहे हैं। अध्यक्ष के नाम को लेकर राजेन्द्र गोलछा व कमल सोनी का नाम है। गोलछा शहर अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। वहीं कमल सोनी का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है। वह मीडिया प्रभारी के तौर पर संगठन का प्रचार-प्रसार हर मंच पर कर रहे हैं। कमल पूर्व महापौर स्व. शोभा सोनी के भाई हैं। स्व. श्रीमती सोनी ने कमल का भाजपा संगठन से जुड़ाव को मजबूत किया था। कमल अपनी दिवंगत बहन की इच्छा के अनुरूप पार्टी को मजबूत करने कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news