कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 18 सितंबर। केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार को एक ही दिन में दो मौतें हुई हैं। पहली घटना में चारभाठा में 54 वर्षीय महिला को सांप ने काट दिया था। उसे केशकाल अस्पताल लाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। वहीं दूसरी घटना ग्राम सिंगनपुर के कुम्हारपारा में हुई, जहां विश्वकर्मा मूर्ति के विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने के कारण 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में केशकाल पुलिस जांच कर रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए नवपदस्थ थाना प्रभारी विनोद साहू ने बताया कि शनिवार की रात ग्राम चारभाठा निवासी 54 वर्षीय महिला कारोबाई मंडावी अपनी मां के साथ सो रही थी, तभी रात में ही उसके माथे में सांप ने काट लिया था। आनन फानन में उसे केशकाल अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दूसरी घटना ग्राम सिंगनपुर के कुम्हारपारा में हुई, जहां 30 वर्षीय युवक राजेन्द्र सलाम जो कि रविवार की सुबह विश्वकर्मा की मूर्ति का विसर्जन करने पास के तालाब गया हुआ था। जहां अचानक तालाब में डूबने लगा, जिसे देखते ही आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाल कर केशकाल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
दोनों ही घटनाओं की जानकारी मिलने पर केशकाल पुलिस ने मर्ग पंचनामा तैयार कर जांच कार्यवाही में लिया है। साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए केशकाल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम करवाने के पश्चात उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।