बिलासपुर

संस्कृति, साहित्य और अध्यात्म का ज्ञान पुस्तक से ही संभव- राज्यपाल
22-Sep-2022 12:05 PM
संस्कृति, साहित्य और अध्यात्म का ज्ञान पुस्तक से ही संभव- राज्यपाल

डॉ. सीवी रमन विवि की अमृत महोत्सव को समर्पित पुस्तक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर/बिलासपुर, 22 सितंबर।
आजादी के अमृत महोत्सव को समर्पित डॉ. सी वी रमन विश्वविद्यालय के विश्वरंग कार्यक्रम श्रृंखला के तहत पुस्तक यात्रा शुरू की गई। राज्यपाल अनुसुइया उइके ने राजभवन से हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय का यहसराहनीय कार्य है। इससे समाज के हर वर्ग में पुस्तक पढऩे के प्रति रुचि जागृत होगी। उन्होंने कहा कि आज तकनीकी युग में हम पुस्तक परंपरा से दूर होते जा रहे हैं, जबकि भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, साहित्य ही जीवन को सार्थक दिशा देती है। यह पुस्तक पढऩे से  ही संभव है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान स्कूलों में पुस्तक भी दान की जाएंगे, यह बहुत ही उत्कृष्ट कार्य है।  इससे गरीब और जरूरतमंद बच्चों को लाभ मिलेगा। वे ज्ञानार्जन करके जीवन में एक नई दिशा की ओर सकारात्मक ऊर्जा से आगे बढ़ेंगे।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि प्रकाश दुबे ने बताया कि छत्तीसगढ़ में रायपुर व बिलासपुर दो स्थानों से पुस्तक यात्रा निकाली जा रही है। यह कुल 18 जिलों से भ्रमण कर विश्वविद्यालय परिसर में समाप्त होगी। एक समापन महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित विश्वविद्यालय के कुलसचिव गौरव शुक्ला ने राज्यपाल को विश्वरंग और पुस्तक यात्रा की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुस्तक यात्रा के दौरान ग्रामीण अंचल मैं पुस्तक पढऩे के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पुस्तक के महत्व ही बताए जाएंगे। इस दौरान सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में पुस्तक पर केंद्रित चित्रकला , कहानी पाठ, कविता पाठ रंगोली प्रतियोगिता सहित अनेक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगीं और प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ साहित्यकार डॉ सुधीर सक्सेना ने पुस्तकों के महत्व को बताया। आयोजन में डीन अकादमिक डॉ अरविंद तिवारी, आईसेक्ट के राज्य समन्वयक शशिकांत वर्मा, पुस्तक यात्रा के रायपुर समन्वयक अब्दुल मसीद, पीआरओ किशोर सिंह, आलोक खत्री और विजेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

पुस्तक यात्रा का भ्रमण  कार्यक्रम 22 सितंबर से 30 सितंबर तक निर्धारित किया गया है। बिलासपुर की यात्रा बिलासपुर से पेंड्रा-गौरेला-मरवाही, मनेंद्रगढ़, बैकुंठपुर, सूरजपुर, अंबिकापुर, कटघोरा से वापस डॉ.सीवी रामन विवि पहुंचेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news