दुर्ग
उतई, 23 सितंबर। दुर्ग शहर में मासूम बच्ची के साथ रेप करने वाले आरोपियों को फांसी देने की मांग की जा रही है। इस मामले में घटना को लेकर यहां लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसके विरोध में प्रदर्शन शुरू हो गया है।
दुर्ग के सांसद विजय बघेल ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कुछ असामाजिक तत्व सक्रिय हो गए हैं। छत्तीसगढ़ की बेटियों की तरफ कोई आंख उठा कर भी देखेगा तो उसे उसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
बीती रात दुर्ग शहर की 5 वर्ष मासूम बच्ची को घर से उठाकर ले जाने तथा अश्लील हरकत एवं अशोभनीय कृत्य करने की जानकारी सामने आई है। जानकारी मिलने पर सांसद विजय बघेल और उनके बड़ी संख्या में समर्थक, पीडि़त बच्ची एवं उनके परिजनों से मिलने तत्काल उनके निवास स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने वहां पीडि़तों से एवं घटना की संपूर्ण जानकारी ली।
सांसद बघेल को आक्रोशित लोगों ने घटना के बारे में पूरी जानकारी दी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
सांसद बघेल ने वहीं से तत्काल पुलिस अधीक्षक दुर्ग से फोन कर घटना के बारे में जानकारी ली तथा सख्त कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने पीडि़त परिवार के सभी सदस्यों की समुचित सुरक्षा के लिए भी बंदोबस्त करने का भी निर्देश दिया है।