महासमुन्द

पुरंदर मिश्रा का जनजागरण गांधी पदयात्रा 1 नवंबर से
23-Sep-2022 7:23 PM
पुरंदर मिश्रा का जनजागरण गांधी पदयात्रा 1 नवंबर से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 सितम्बर। महासमुंद जिला भाजपा कार्यालय में कल पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और जनजागरण पद यात्रा के संयोजक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि इस बार आगामी 1 नवंबर से उनकी पदयात्रा शुरू हागी। पूर्व में यह यात्रा 2 अक्टूबर को समाप्त हो जाती थी।

उन्होंने कहा कि यह जनजागरण पदयात्रा राजनैतिक ना होकर सामाजिक जागरूकता अभियान है। इस पद यात्रा के दौरान ग्रामीणों की समस्या का समाधान निकलता है, वैचारिक आदान प्रदान होता है साथ ही नशा मुक्ति की दिशा में जनजागरूकता लाई जाती है।

उन्होंने बताया कि उनके इस पदयात्रा का व्यापक असर भी नजर आता है। 

गौरतलब है कि पिछले 25 सालों से अनवरत चली आ रही इस अंत्योदय जनजागरण पदयात्रा के तहत पदयात्रा सप्ताह का आयोजन 01 नवंबर से 07 नवंबर तक होना है। आगामी 1 नवंबर को ग्राम अर्जुनी से शुरू होकर यह पद यात्रा हाई स्कूल परसवानी सांकरा में 7 नवंबर को समाप्त होगी।

इस संबंध में पदयात्रा के संयोजक पुरंदर मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर इस वर्ष गांधी पदयात्रा का रजत जयंती के रूप में पच्चीसवां साल पूर्ण हुआ। देश में गांधीजी के विचारों एवं आदर्शों के विस्तार के साथ ही पं. दीन दयाल उपाध्याय के अन्त्योदय की अवधारणा को जीवंत करने की दिशा में यह एक छोटा सा विनम्र प्रयास है।

पुरंदर मिश्रा ने बताया कि इस यात्रा में नशामुक्ति, व्यसन त्याग, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सामाजिक समरसता के संदेशों के साथ ही ग्रामीण अंचल के सामाजिक, प्रशासनिक समस्याओं की ओर शासन का ध्यान आकर्षित कर उनके समाधान का प्रयास किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस आयोजन के तहत अब तक लगभग 2250 किलोमीटर की यात्रा कर 602 गांवों तक संपर्क किया गया है। लगभग 18650 व्यक्तियों ने इस यात्रा से प्रभावित होकर नशे का त्याग किया है। क्षेत्र के स्कूली छात्रों से नशा नहीं करने का शपथ लेने से अभियान से ज्यादा लोग जुड़े हैं। वार्ता के दौरान पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर, एतराम साहू, प्रदीप चंद्राकर, योगेश्वर सिन्हा मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news