बिलासपुर

सीवीआरयू की पुस्तक यात्रा में शामिल हुए विधायक, पुलिस अधिकारी व साहित्यकार
24-Sep-2022 1:49 PM
सीवीआरयू की पुस्तक यात्रा में शामिल हुए विधायक, पुलिस अधिकारी व साहित्यकार

कहा-टेक्नॉलाजी के दौर में किताबों से बढ़ती दूरी को कम करने में पुस्तक यात्रा से मिलेगी मदद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 24 सितंबर।
डॉ.सी वी रामन विश्वविद्यालय और टैगोर अंतर्राष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव के तहत निकली पुस्तक यात्रा रतनपुर से अपने पहले पड़ाव पेंड्रा पहुंची। कार्यक्रम का उद्घाटन आईसेक्ट केन्द्र से किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि विधायक डॉक्टर के के धु्रव थे।  

प्रारंभ में पुस्तक यात्रा के उद्देश्य एवं लक्ष्यों पर पर पुस्तक यात्रा के समन्वयक एवं आईसेक्ट के क्षेत्रीय प्रबंधक योगेश मिश्रा ने विस्तृत जानकारी दी। विधायक ध्रुव ने पुस्तक यात्रा की अनूठी पहल के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि इंसान के संपूर्ण व्यक्तित्व को निखारने में पुस्तकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है।

वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि टेक्नोलॉजी के युग में  पुस्तकों की उपेक्षा हो रही है। हमें पुस्तकों के महत्व को समझना होगा। उन्होंने बताया कि पेण्ड्रा जिला भारत के महान साहित्यकार माधव राव सप्रे की कर्मभूमि रहा है। यहां उन्होंने जीवन के तीन वर्ष बिताए। सप्रे जी ने छत्तीसगढ़ मित्र नाम से समाचार पत्र भी निकाला था। जिसमें एक टोकरी भर मिट्टी कहानी लिखी जो कि हिन्दी साहित्य की प्रथम मौलिक कहानी कही जाती है। यही नहीं इस जिले में भारत के महान साहित्यकार अज्ञेय व गोपालदास नीरज साहित्य सम्मेलन में शिरकत कर चुके हैं।

साहित्यकार वेदचन्द्र जैन ने कहा कि जो इंसान पुस्तकों के लिए मीलों यात्राएं किया करता था उसने किताबों से दूरी बना ली है। कार्यक्रम में शामिल युवा साहित्यकार वीरेन्द्र यादव ने स्वरचित कविता का पाठ किया। इस अवसर पर साहित्यकार राजेंद्र पांडेय, वेदचंद्र जैन, वीरेन्द्र यादव, शिक्षक जीडी गुप्ता, नवीन जेम्स, छात्र उत्तम पुरी, आकांक्षा राठौड़, सत्येन्द्र केंवट, नितिन गुप्ता, लक्ष्मण कश्यप का प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। इसे देखने बड़ी संख्या में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। कार्यक्रम का मंच संचालन अवनीश पाण्डेय, जिला प्रबंधक आईसेक्ट ने किया। कार्यक्रम में आईसेक्ट के ब्लॉक प्रबंधक नीरज साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश कुमार जालान, पार्षद राकेश चतुर्वेदी, रमेश साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

यहां से पुस्तक यात्रा का काफिला जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचा। यहां एडिशनल एसपी अर्चना झा ने पुस्तक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकें ही ज्ञान का स्त्रोत हैं हमने किताबों से जो दूरी बढ़ाई है यह यात्रा उसी दूरी को मिटाने का उद्देश्य पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि इस पुलिस मुख्यालय में शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में लाइब्रेरी पुलिस की पाठशाला स्थापित की गयी है। इसका लाभ आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थी सतत रूप से ले रहे हैं। इस मौके झा का सम्मान आईसेक्ट के क्षेत्रीय प्रबंधक योगेश मिश्रा ने स्मृति चिन्ह देकर किया व पुलिस की पाठशाला के लिए किताबें भेंट की। अन्य पुलिसकर्मियों को उपहार दिए गए। झा ने पुस्तक यात्रा को अगले पड़ाव का फ्लैग ऑफ किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news