रायपुर

पीसीसी अध्यक्ष मरकाम की पदयात्रा शुरू
26-Sep-2022 3:20 PM
पीसीसी अध्यक्ष मरकाम की पदयात्रा शुरू

कांग्रेस ने एक बार फिर अरूण साव को याद दिलाया, साथ चलने का न्यौता भी

छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोंडागांव/ रायपुर, 26 सितंबर।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सोमवार को नवरात्रि के पहले दिन दंतेवाड़ा के लिए 161 किमी की पदयात्रा शुरू की। गुरूवार को मरकाम दंतेवाड़ा पहुंचेंगे, और माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर यात्रा का समापन करेंगे।
मरकाम की पदयात्रा को मनोकामना यात्रा नाम दिया गया है। वो पिछले 5 साल से नवरात्र के मौके पर कोंडागांव से दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर तक पदयात्रा करते हैं। आज सुबह मरकाम ने नवरात्र के पहले दिन कोंडागांव स्थित माता शीतला मंदिर के दर्शन, और पूजा अर्चना कर पदयात्रा शुरू की उनके साथ कुछ कांग्रेस के नेता भी पदयात्रा कर रहे हैं। पहले दिन 51 किलोमीटर पैदल चलेंगे।

पदयात्रा के दौरान जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने उनका हाथ जोडक़र अभिवादन किया। कार्यकर्ताओं ने स्वागत भी किया। मरकाम देर शाम बस्तर पहुंचेंगे, और रात्रि विश्राम बस्तर में करेंगे। मंगलवार को उनकी यात्रा बस्तर से शुरू होगी, और 50 किलोमीटर पैदल चलेंगे। और फिर गीदम में रात्रि विश्राम करेंगे।

दूसरी तरफ, प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष अरूण साव को एक बार फिर यात्रा में साथ चलने का न्यौता दिया है। साव ने कह दिया था कि एक दिन में 50 किलोमीटर पैदल नहीं चल सकते। इसके बाद कोंडागांव में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने मिलकर साव को मरकाम के साथ चलने की चुनौती दी थी। प्रदेश प्रवक्ता विकास तिवारी ने एक बार फिर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साव को याद दिलाया कि यदि वो भूल गए हैं, तो फिर साथ चल सकते हैं। क्योंकि यात्रा तीन दिन चलेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news