सरगुजा

केते में बैरिकेट लगाकर पुलिस ने भाजपाइयों को रोका, जमकर हुई धक्का-मुक्की
28-Sep-2022 8:10 PM
केते में बैरिकेट लगाकर पुलिस ने भाजपाइयों को रोका, जमकर हुई धक्का-मुक्की

पेड़ों की कटाई के विरोध में भाजपा ने किया उग्र प्रदर्शन, तत्काल पेड़ कटाई रोकने की मांग
विरोध में स्वास्थ्य मंत्री के आवास का भाजपाई आज करेंगे घेराव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 सितंबर।
परसा कोल ब्लॉक में मंगलवार से हो रही पेड़ों की कटाई के विरोध में परसा हरिहरपुर जा रहे भाजपाइयों को पुलिस बल ने गुमगा के पास से उनका मार्ग डायवर्ट करते हुए केते जंगल के पास बैरिकेट लगाकर रोक दिया। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से पुलिस की जमकर झूमाझटकी हुई। परसा हरिहरपुर गांव में नहीं जाने के विरोध में भाजपा सरगुजा गुरुवार को स्थानीय विधायक व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव के निवास का घेराव करेगी।

भाजपाइयों का कहना था कि उन्हें गांव के लोग अपनी समस्या व मिलने के लिए बुला रहे हैं,यह प्रतिबंधित क्षेत्र नहीं है, फिर पुलिस उन्हें क्यों रोक रही है। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद भाजपाइयों ने वहां लगभग 2 से ढाई घंटे जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला व एसडीएम उदयपुर से चर्चा के दौरान कहा कि भूपेश सरकार यहां से अपनी पुलिस और फॉरेस्ट अमले को हटाए, जिस प्रकार पुलिस बल लगाकर पेड़ कटवाये जा रहे हैं, वह दमनकारी नीति है, लोगों पर अत्याचार किया जा रहा है, जो उचित नहीं है। हम और हमारे भाजपा के साथी ग्रामीणों से मिल नहीं पा रहे हैं, वे हमें फोन करके बुला रहे हैं, लेकिन पुलिस द्वारा हमें रोक दिया जा रहा है, यह अलोकतांत्रिक है।

 प्रदर्शन के दौरान एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला ने कहा कि पेड़ कटने के लिए जिसकी जिसकी अनुमति लगती है, सब अनुमति दी गई है, इसके बाद ही यहां पेड़ काट रहे हैं।

अदानी के परसा केते फेस 1 कोल ब्लॉक एरिया में आज पुलिस बैरिकेडिंग के समीप भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, पूर्व विधायक विजय नाथ सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया,विनोद हर्ष,निश्चल प्रताप सिंह, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने जमीन पर बैठकर धरना दिया तथा तत्काल पेड़ कटाई रोकने की मांग की। पेड़ कटाई बंद करो के जोरदार नारों के साथ कई बार आक्रोशित भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की झूमा झटकी भी हुई। भाजपा नेताओं ने उपस्थित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारीयों से पेड़ कटाई स्थल तक जाने की मांग की पर उन्होंने जाने नहीं दिया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उदयपुर परसा केतु क्षेत्र में हो रहे लाखों पेड़ों की हत्या लिए कांग्रेस की सरकार दोषी है। एक साजिश के तहत 43 हेक्टेयर क्षेत्र में अब तक कटे पेड़ों की संख्या मात्र 8000 बताई जा रही है जबकि ये संख्या लाखों में है। जनता के साथ धोखा करने वाले इस बयान के विरोध में गुरुवार की दोपहर 1 बजे भाजपा सरगुजा मंत्री टी एस सिंह देव के निवास का घेराव करेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news