रायपुर
रायपुर, 1 अक्टूबर। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने शुक्रवार को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक लेकर सभी संभागायुक्त, जिला कलेक्टरों से एक नवम्बर 2022 से शुरू हो रही धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टरों से धान खरीदी की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए है। मुख्य सचिव ने फसलों की गिरदावरी की शुद्धि पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने गिरदावरी का सत्यापन ग्राम सभा में करवाने के निर्देश कलेक्टरों को दिए हैं। मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से कहा कि किसी भी हालत में सरकारी जमीन का पंजीयन धान रकबे में नही हो यह सुनिश्चित किया जाए। पंजीकृत किसानों का लिकिंग बैंक खाता का परीक्षण करने एवं ऐसे किसान जिनका नामांतरण, बटवारा इस वर्ष हुआ है, उनके बैंक खातों का विशेष तौर पर परीक्षण कर बैंक खाता लिंक कर लिया जाए।