रायपुर

खराब समय ठीक करने वालों का समय अब जेल में गुजरेगा
01-Oct-2022 6:34 PM
 खराब समय ठीक करने वालों का समय अब जेल में गुजरेगा

75.50 लाख के जेवर नगदी ठगने वाले अकोला, जलगांव से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 अक्टूबर। खराब समय को ठीक करने के लिए पूजा पाठ कराने के बहाने नगदी एवं जेवरात ले भागे कथित महिला तांत्रिक और उसके साथी को पुरानी बस्ती पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके द्वारा रकम  दोगुना करने का झांसा देकर देश भर में करोड़ों रूपये की ठगी की गई है। दोनों ने पुरानी बस्ती मलसाय तालाब पास  निवासी रेखा साहू एवं उसके परिवार के सदस्यों को  अपना शिकार बनाया था। इनसे  नगदी रकम एवं सोने के जेवरात सहित कुल 7.50 लाख रूपये की ठगी की थी।  दोनों आरोपी स्वयं की पहचान छिपाने पीडि़तों को अपना अलग-अलग नाम बताते थे। और  अलग-अलग राज्यों में 2 दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाते हुए करोड़ों रूपए ठगे। पुरानी बस्ती पुलिस ने  धारा 420, 120(बी) भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया है।

 रेखा साहू ने  फरवरी 2022 में बलौदाबाजार में निवासी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर दर्शन के लिये गई थी। इसी दौरान रेखा के पहचान आशुतोष नामक सन्यासी से हुई जिसने अपने साथी आरती पाटिल से रेखा एवं उसके पारिवारिक सदस्यों की मुलाकात कराई । उन्हें बताया कि आरती पाटिल हस्तरेखा देखकर भविष्य बताती है। दर्शन के दौरान प्रार्थिया एवं उसके पारिवारिक सदस्य सन्यासी आशुतोष एवं आरती पाटिल के साथ रहे एवं अपना-अपना मोबाईल नम्बर उन्हें दिये। दर्शन से वापस आने के पश्चात् भी प्रार्थिया एवं उसके परिवार के सदस्यों की बातचीत सन्यासी आशुतोष एवं आरती पाटिल से होती रही, इसी दौरान  जून  से 21 सितंबर के मध्य रेखा तथा उसके परिवार के सदस्यों को परिवार में भूत-प्रेत होने का डर दिखाकर तथा सोने चांदी के जेवरातों तथा नगदी रकम को दोगुना करने का प्रलोभन देकर अलग-अलग तिथियों में 67 तोला सोने के जेवरात कीमती 33.50 लाख  तथा नगदी  42 लाख  रूपये जुमला कीमती 75.50 लाख की  ठगी कर फरार हो गये।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की उपस्थिति महाराष्ट्र के अकोला में होने की सूचना पर  अकोला से  दोनों को पकड़ा गया तथा पूछताछ हेतु रायपुर लाया गया। एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने दोपहर कंट्रोल रूम में पत्रकारों को बताया कि आरोपियों ने रेखा साहू के अलावा  हिमांचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, पंजाब, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश सहित देश भर में घुम-घुम कर लगभग दो दर्जन से अधिक लोगों से  करोड़ों रूपयों की ठगी  करना बताया। सभी को गिरफ्तार कर 4 दिन का पुलिस रिमाण्ड  लिया है। आरोपी स्वयं की पहचान छिपाने के उद्देश्य से लोगों को अपना अलग-अलग नाम बताते थे तथा इनके द्वारा अलग-अलग नाम से फर्जी आधार कार्ड भी बनवाया गया है।

गिरफ्तार आरोपी: सुषमा प्रभाकर पाटिल (48) निवासी शिव शक्ति नगर जामनेर जलगांव। अशोक नाथूलाल भोलावत उर्फ बाबा (54) निवासी 17/383 गुजरात हाऊसिंग बोर्ड बॉम्बे मार्केट वराछ रोड, सूरत।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news