राजनांदगांव
राजनांदगांव, 2 अक्टूबर। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से धान खरीदी की तैयारी हेतु कलेक्टर्स की बैठक ली। उन्होंने कलेक्टर्स से जिले में धान खरीदी के संबंध में जानकारी ली तथा धान खरीदी संबंधी रणनीति के संबंध में चर्चा की। मुख्य सचिव श्री जैन ने गिरदावरी में किसानों के डेटा संबंधित जानकारी की शुद्धता की जांच के सत्यापन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पंजीकृत किसान के बैंक खाता लिंक है कि नहीं यह जांच कर ले साथ ही व्यक्तियों के परिवर्तन होने पर बैंक खाता संख्या में परिवर्तन होगा यह भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि समय-समय पर इसकी जांच धान खरीदी से पूर्व कर लें। उन्होंने कहा कि धान खरीदी से संबंधित समिति की जानकारी सुनिश्चित कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिन किसानों ने जमीन बेची है उनके नामांतरण को सूचीबद्ध कर बैंक से लिंक करने की उचित व्यवस्था कर लें।