राजनांदगांव

बम्लेश्वरी के दर पर हर दिन सवा लाख ने टेका माथा
04-Oct-2022 12:11 PM
बम्लेश्वरी के दर पर हर दिन सवा लाख ने टेका माथा

नौ दिन में 13 लाख श्रद्धालु ने किया दर्शन, अपार भीड़ के सामने कम पड़ी हजार जवानों की तैनाती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अक्टूबर।
मां बम्लेश्वरी के दर पर क्वांर नवरात्रि में उमड़ी अपार भीड़ से ट्रस्ट और पुलिस को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। क्वांर नवरात्रि के पहले से आखिरी दिन तक 13 लाख भक्तों ने मां के दरबार में उपस्थिति दर्ज कराई। ऊपर स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए सीढ़ी मार्ग के साथ रोपवे भी खचाखच भरा रहा। भारी भरकम भीड़ से पुलिस अफसरों को सोंचने पर मजबूर कर दिया।

पूरे नवरात्र में 24 घंटे मां का दरबार खुला रहा। हर दिन औसतन सवा लाख श्रद्धालुओं ने मनोकामना लेकर  मंदिर पहुंचे। ट्रस्ट श्रद्धालुओं की भीड़ से हैरानी में है।  सुरक्षा में तैनात एक हजार जवान भीड़ के सामने कम नजर आए। ऐसे में जवानों पर भीड़ को सम्हालने का दबाव रहा। हालांकि पुलिस ने किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया, लेकिन व्यवस्था के लिहाज से पुलिस के सामने पहुंची भीड़ ने पसीने छुड़ा दिए।

इस संबंध में ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि क्वांर नवरात्र में तकरीबन 13 लाख भक्त  दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह पहला मौका है जब इतनी तादाद में भक्तों का रेला लगा रहा। बड़े पैमाने पर भक्तों की मौजूदगी के असर से रोपवे का संचालन में भी दिक्कतें हुई। रोपवे परिसर में खचाखच  श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने ट्रस्ट पर मानसिक दबाव बढ़ा दिया।

बताया जा रहा है कि भीड़ के कारण ट्रस्ट ने तकरीबन 5 से 7 सौ टिकट वापस भी किए। सीढ़ी मार्ग भी अधिक भीड़ से जाम रहा। 50 से 60 सीढ़ी के अंतराल में पुलिस को बंदोबस्त सम्हालने के लिए बेरिकेटिंग करना पड़ा। यानी सीढ़ी के रास्ते भी मंदिर तक काफी भीड़ पहुंची। लोगों को दर्शन के लिए इंतजार भी करना पड़ा। ऊपर पहुंचने के लिए सीढ़ी मार्ग का रास्ता चुनने वाले भक्तों को प्रतीक्षा करने के दौरान पसीने से लथपथ भी होना पड़ा।

उमस और विपरीत मौसम के कारण लोग भीड़ की गर्मी से पसीने में डूबे रहे। पुलिस के लिए व्यवस्था को सम्हालने के लिए कई तरह के पापड़ बेलने पड़े। ट्रस्ट समिति और पुलिस महकमे के आला अधिकारियों ने अगले नवरात्र में और ठोस बंदोबस्त करने का फैसला किया है। बहरहाल राज्यभर से और दीगर प्रांतों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कोरोनाकाल के बाद रिकार्डतोड़ उपस्थिति मां के दर पर दर्ज कराई। हर दिन सवा लाख दर्शनार्थियों की मौजूदगी होने को एक नया रिकार्ड माना जा रहा है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news