दुर्ग

5 साल के भीतर भिलाई निगम को मिले पांचवे नये आयुक्त रोहित व्यास
04-Oct-2022 5:02 PM
5 साल के भीतर भिलाई निगम को मिले पांचवे नये आयुक्त रोहित व्यास

तीन महीने के भीतर लोकेश चंद्राकर दुर्ग भेजे गए
 अजय त्रिपाठी भिलाई-3 चरोदा के होंगे नये आयुक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
भिलाई नगर, 4 अक्टूबर।
नगर पालिक निगम भिलाई को पांच वर्ष के भीतर ही पांचवे नये आयुक्त रोहित व्यास मिले हैं। राज्य सरकार द्वारा सोमवार को 13 आईएएस, 20 राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों का तबादला आदेश जारी किया गया जिसमें दुर्ग जिले के तीनों बड़े प्रमुख निकायों भिलाई, दुर्ग और चरोदा नगर निगम के आयुक्त बदल दिए गए हैं।
 

जिला पंचायत बस्तर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आईएएस रोहित व्यास अब भिलाई नगर निगम के नए आयुक्त होंगे, उनकी जगह दुर्ग नगर निगम के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे को भेजा गया है। इसी तरह प्रकाश सर्वे की जगह अब तक भिलाई निगम के आयुक्त रहे लोकेश चंद्राकर दुर्ग नगर निगम आयुक्त होंगे। भिलाई तीन चरोदा नगर निगम के आयुक्त कीर्तिमान सिंह राठौर का तबादला बीरगांव नगर निगम किया गया है। 

उनकी जगह बिलासपुर नगर निगम के आयुक्त रहे अजय कुमार त्रिपाठी लेंगे। रिसाली से भिलाई फिर भिलाई से दुर्ग निगम भेजे गए प्रकाश सर्वे को तीन महीने में ही बदल कर बस्तर भेजा गया है। 
गौरतलब हो कि पांच साल में पांचवें भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास 96 बैच के आईएएस हैं। भिलाई निगम में लोकेश चंद्राकर को आए तीन महीने भी पूरे नहीं हुए थे, उन्होंने 4 जुलाई 2022 को भिलाई में पदभार ग्रहण किया था। इनसे पहले प्रकाश कुमार सर्वे 14 सितंबर 2021 से 4 जुलाई 2022 तक 10 महीने, ऋतुराज रघुवंशी 5 अगस्त 2019 से 14 सितंबर 2021 दो वर्ष और कुमार लाल चौहान 28 मार्च 2017 से 17 सितंबर 2018 तक डेढ़ वर्ष आयुक्त रहे हैं। 

कल राज्य शासन द्वारा जारी तबादला सूची के मुताबिक प्रशासनिक कसावट के लिए  यह फेरबदल किया गया है। आदेश सूची में जल्द से जल्द नई जगह पर पदभार ग्रहण करने कहा गया है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news