रायपुर

ऑनलाइन सट्टा खिलाते 28 गिरफ्तार, ओडिशा, और मध्यप्रदेश से आरोपी धरे गए
06-Oct-2022 5:19 PM
 ऑनलाइन सट्टा खिलाते 28 गिरफ्तार, ओडिशा, और मध्यप्रदेश से आरोपी धरे गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 अक्टूबर। ऑनलाईन सट्टा महादेव बुक पर रायपुर पुलिस ने  बड़ी कार्यवाही की है। इसमें अंतरराज्यीय आपरेशन चलाकर 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग    महादेव ऑन लाईन बुकिंग एप बुक वेबसाईट के माध्यम ऑनलाईन सट्टा खिला रहे थे। झारसुगुड़ा, टिटलागढ़, छिंदवाड़ा, और भिलाई दुर्ग टीम भेजकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ऑनलाईन सट्टा लाईव केसिनो, पोकर गेम, लूडो, फुटबॉल के गेम में हार जीत का दांव लगवाते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गिरोह की संलिप्तता है जिसकी जांच की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के खातों में करोड़ों रूपये के लेन-देन का हिसाब मिला है। अब तक की जांच में यूपी, बिहार, और मध्य प्रदेश सहित देशभर में 5 सौ से अधिक खातों की जानकारी मिली है।

इनके  97 एटीएम कार्ड के एकाउंट में लगभग 40 लाख रूपए फ्रीज कराए गए हैं। इनसे पूछताछ के हवाले से एस एस पी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि महादेव एप की आईडी बैट भाई 9, टाईगर एक्सचेंज, अम्बानी बुक के नाम से संचालित होती है। इनमें अलग-अलग राज्यों से ऑन लाईन सट्टा में लिप्त लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सटोरियों के विरूद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत् भी कार्यवाही की गई है। एस एस पी ने कहा कि आईपीएल सट्टा खिलाने-खेलने वालों के विरूद्ध रायपुर पुलिस का अभियान जारी रहेगा।

गुरुवार को मंदिर हसौद के रावणभाठा के पास 2 व्यक्ति महोदव क्रिकेट सट्टा का आईडी बिक्री करने हेतु ग्राहक की तलाश रहे थे।। इस सूचना पर वहां पहुंचकर दोनों को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम रवि चैहान एवं प्रकाश कुमार निवासी दुर्ग का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनके मोबाईल फोन को चेक करने पर उनके मोबाईल में महादेव एप्लीकेशन का आईडी मिला। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों के द्वारा मध्य-प्रदेश के छिंदवाड़ा से 6 व्यक्तियों द्वारा महादेव ऑन लाईन सट्टा एप्लीकेशन का आईडी बनाकर बिक्री करने देना बताया गया। जिस पर पुलिस ने  छिंदवाड़ा के समर्थ रेसीडेंसी से 6 सटोरियों गुलाम अगुलेश, मो. शहबाज, प्रकाश कुमार, मनजीत सिंह, संजय सिंह एवं अजय कुमार को पकड़ा गया, जो अपने मोबाईल फोन एवं लैपटॉप में ऑन लाईन महादेव सट्टा का आई डी बनाकर बिक्री करने के साथ ही ऑन लाईन सट्टा संचालित भी कर रहे थे। वहां सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों के विरूद्ध धारा 4 क जुआ एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

इसी तरह से आरंग के ब्लॉक कालोनी से महादेव ऑन लाईन एप से सट्टा संचालित करते चंदखुरी दुर्ग निवासी चन्द्रशेखर साहू को पकड़ा गया जिसके द्वारा पूछताछ में बताया गया कि वह उडीसा के टिटलागढ़ से कुछ व्यक्तियों द्वारा महोदव एप में लाईन लेकर सट्टा संचालित कर रहा है।टिटलागढ़ जाकर जैन हाईट्स में महादेव एप से ऑन लाईन सट्टा संचालित करते छह सटोरियों शुभम चंद्राकर, विवेक मिश्रा, मनीष चंद्राकर, धनराज चंद्राकर, नितिश चंद्राकर एवं सागर विश्वकर्मा को पकड़ा गया। जो अपने मोबाईल फोन एवं लैपटॉप में ऑन लाईन महादेव सट्टा संचालित कर रहे थे। जिस पर समस्त 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों पर  धारा 4 क जुआ एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण में दो आरोपी आर्यन जैन एवं अनुराग मिश्रा निवासी भिलाई जिला दुर्ग फरार है जिसकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है। अभनपुर के नया बस स्टैण्ड में महादेव ऑनलाईन एप से सट्टा संचालित करते दुर्ग निवासी देवा श्रीकांत चन्द्राकर को पकड़ा गया।  पूछताछ में उससे मिली जानकारी पर झारसुगुड़ा से महादेव एप से ऑन लाईन सट्टा संचालित करते 7 सटोरियों सोमेश चंद्राकर, डिलेश्वर चंद्राकर, वासु चंद्राकर उर्फ विकास, सचिन देशमुख, विकास बेलच चंदन, ओमप्रकाश चंद्राकर एवं आकाश चंद्राकर को पकड़ा गया। जो अपने मोबाईल फोन एवं लैपटॉप में ऑन लाईन महादेव सट्टा संचालित करने के साथ ही आई डी है बनाकर बिक्री कर रहे थे। जिस पर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 4 क जुआ एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण में एक आरोपी खिलेश वर्मा निवासी भिलाई दुर्ग फरार है।

 आमानाका के महोबा बाजार ओव्हर ब्रिज के नीचे महादेव ऑन लाईन एप से सट्टा खिला रहे दुर्ग निवासी प्रीतम अग्रवाल को पकड़ा गया।  उसकी सूचना पर  दुर्ग के शीतला मंदिर के पास महादेव एप से ऑन लाईन सट्टा संचालित करते 4 सटोरियों शेर खान, मनजीत सिंह उर्फ बंटी, याज्ञवेन्द्र सिंह एवं नियाज अहमद को पकड़ा गया। जो अपने मोबाईल फोन एवं लैपटॉप में ऑन लाईन महादेव सट्टा संचालित करने के साथ ही आई डी बनाकर बिक्री कर रहे थे। जिस पर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर  धारा 4 क जुआ एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news