राजनांदगांव

छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक में रही खेलों की धूम
07-Oct-2022 3:46 PM
छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक में रही खेलों की धूम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 अक्टूबर।
कलेक्टर डोमन सिंह के मार्गदर्शन में जिलेभर में खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर ने इन खेल कार्यक्रम के व्यवस्थित संचालन के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। जिले के विकासखंड में खेलों के लिए अच्छी व्यवस्था की गई। खेलप्रेमियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। महिलाओं का खासकर बिल्लस और गेड़ी में रूझान है। रस्साकशी में खिलाड़ी जोश से ताकत की जोरदार आजमाइश कर रहे हैं।

विधायक छन्नी साहू ने गुरुवार को छुरिया विकासखंड के ग्राम भर्रीटोला ब में छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक का शुभारंभ किया। वहीं राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने ग्राम टेड़ेसरा में शुभारंभ किया। महापौर हेमा देशमुख ने ठाकुर प्यारेलाल स्कूल मैदान में छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक का शुभारंभ किया। कलेक्टर डोमन सिंह ने डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम बोरतलाव में विजेताओं को पुरस्कृत किया। नगर निगम के साथ ही सभी नगरीय निकाय एवं सभी विकासखंडों में जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम अरूण वर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बड़ा, ठेठरी, खुरमी, गुजिया छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की श्रृंखला रही।

2 श्रेणियों में हो रही है खेल प्रतियोगिताएं
छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक कार्ययोजना के तहत खेल प्रतियोगिताएं दो श्रेणी में हो रही है। इसमें खेल विधाओं के अनुसार दलीय एवं एकल श्रेणी निर्धारित की गई है। दलीय श्रेणी में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, सांखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी छत्तीसगढिय़ा खेल विधाएं शामिल हैं। एकल श्रेणी में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ एवं लम्बी कूद शामिल हैं।

खेलों का आयोजन 6 स्तर पर होगा
छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक खेलों के 6 स्तर निर्धारित किए गए हैं। इसके अनुसार पहले ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र स्तर पर राजीव गांधी युवा मितान क्लब में खेलों का आयोजन नाकआउट पद्धति से होगा। दूसरा स्तर जोन है जिसमें आठ राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा। तीसरे स्तर पर विकासखंड तथा नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंत में राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। खेलों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक भाग ले रहे हैं। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग और तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिए है। इन प्रतियोगिता में महिला एवं पुरूष दोनों वर्ग में प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news