बीजापुर

पूर्व मंत्री गागड़ा के आरोप का विधायक मंडावी ने किया पलटवार, बोले तथ्यहीन आरोप लगाना बंद करें
11-Oct-2022 10:17 PM
पूर्व मंत्री गागड़ा के आरोप का विधायक मंडावी ने किया पलटवार, बोले तथ्यहीन आरोप लगाना बंद करें

बीजापुर, 11 अक्टूबर। सोमवार को पूर्व मंत्री महेश गागड़ा द्वारा कांग्रेस पर लगाये गए आरोप का पलटवार करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा व पूर्व मंत्री महेश गागड़ा से झूठ व तथ्यहीन आरोप लगाना बंद करने की बात कही हैं।

मंगलवार को यहां पत्रवार्ता लेकर क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी ने  भाजपा और महेश गागड़ा के आरोपों को सिरे से ख़ारिज किया है। उन्होंने कहा कि कोई भी क़ानून से ऊपर नहीं है। अगर कोई ग़लत काम करता है, तो क़ानून अपना काम करेगा और क़ानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

 विधायक मंडावी ने कहा कि पूर्व विधायक महेश गागड़ा पहले यह बताये कि कौन-कौन नक्सली है। उनके ऊपर ज़रूर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी कांग्रेसी कार्यकर्ता का संबंध नक्सलियों से नहीं है।

 प्रेस वार्ता के दौरान यह भी कहा कि अगर महेश गागड़ा ये जानते है कि किसी कांग्रेसी कार्यकर्ता का संबंध नक्सलियों से है और उस संबंध में उनके पास सबूत है तो प्रशासन के समक्ष शिकायत करें। गागड़ा का ये कहना कि नक्सलियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली है और महेश गागड़ा ऐसे किसी नक्सली को जानते हैं, जिन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली है, ऐसे लोगों का नाम वे सार्वजनिक करें।

विधायक मंडावी ने कहा कि दंतेवाड़ा के भाजपा उपाध्यक्ष जगत पुजारी, कांकेर के सांसद प्रतिनिधि रहे धर्मेंद्र चोपड़ा, भैरमगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष गुट्टाराम कश्यप जैसे लोगों का सम्बंध सीधे नक्सलियों से था। और भी भाजपा नेता है, जिनका संबंध नक्सलियों से है आने वाले समय में कांग्रेस उन नामों का खुलासा भी करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने कई नेताओं को नक्सली घटनाओं में खोया है। जिसका सबसे बड़ा उदाहरण झीरम घटना है। इसके अलावा जिले के स्व. बुधराम राणा, स्व. सीक़ा माँझी, स्व. बुधराम कश्यप जैसे बड़े कांग्रेसी नेता है जिन्हें कांग्रेस पार्टी ने खोया है। विक्रम मंडावी ने आगे कहा कि अब तो महेश गागड़ा ने यह भी आरोप लगाया है कि भाजपा के लोगों को कांग्रेस के लोग नक्सली के नाम से डराते हैं तो महेश गागड़ा से पूछना चाहते है कि अगर भाजपा के कार्यकर्ताओं को नक्सलियों के नाम से डराया जाता है तो फिर कैसे मद्देड़ और भैरमगढ़ में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रवेश किया है, और भाजपा ने उन्हें प्रवेश दिया क्यूँ।

विक्रम मंडावी ने यह भी कहा कि महेश गागड़ा का कहना है कि जिस दिन पामेड़ क्षेत्र में एक जवान की शहादत हुई थी, उस दिन मैं पामेड़ मैं था और उस जवान को श्रद्धांजलि तक नहीं दिया, यह बात बिल्कुल ग़लत है, बल्कि उस दिन वे भोपालपटनम में थे।

विक्रम मंडावी ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के बनने के बाद जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। लोगों के लिए कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि काम कर रहे हैं, इससे बौखलाकर भाजपा और महेश गागड़ा झूठ, मनगढ़ंत और बिना तथ्यों के आरोप लगाकर लोगों को गुमराह और भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। इस अवसर जिला कांग्रेस कमेटी नेता जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news