कोरिया

कोरिया में अब तक साढ़े 18 हजार क्विंटल धान खरीद, उठाव शून्य
18-Nov-2022 3:22 PM
कोरिया में अब तक साढ़े 18 हजार क्विंटल धान खरीद, उठाव शून्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया), 18 नवंबर।
प्रदेश सरकार द्वारा बीते 1 नवंबर से समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से धान खरीदी की शुरूआत कर दी है। इधर, कोरिया जिले में धान खरीदी शुरू होने के एक पखवाडे बाद भी धान खरीदी केंद्रों में धान की आवक नही हो पा रही है। वहीं धान के उठाव की बात की जाए तो धान का एक भी दाना अभी तक उठाव नहीं हो पाया है।

इस वर्ष देरी से पर्याप्त वर्षा होने के कारण धान की रोपाई कार्य प्रभावित हुई और देरी से धान की रोपाई कार्य शुरू हुआ। जिसके कारण इस वर्ष अब तक ज्यादातर खेतों में धान खडी है और कटाई नहीं हो पायी है इस वर्ष दीपावली तक धान कटाई की शुरूआत भी नही हो पायी थी त्यौहार बीतने के बाद ही धान कटाई की शुरूआत हुई, लेकिन मिंजाई करने के बाद धान को धान विक्रय केंद्र तक ले जा रहे है। अभी ज्यादातर खेतों में धान की कटाई पूरी नहीं हो पायी है जिस कारण धान खरीदी केंद्रों में धान विक्रय के लिए आवक कम है। यही कारण  कि कोरिया जिले के धान खरीदी केंद्रों में वर्तमान में ज्यादा भीड़भाड़ नहीं देखी जा रही है।   जिस तरह से अभी खेतों में धान पडे है उसे देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि अभी दो सप्ताह तक धान की कटाई चलेगी इस तरह अब दिसंबर माह में ही धान खरीदी केंदों में किसान मिंजाई के बाद अपने धान विक्रय के लिए ज्यादा संख्या मे ले जायेगे तब जाकर धान खरीदी केंद्रों मे भीड़भाड़ दिखाई देगी अभी कई समितियों में एक्का दुक्का किसान ही अपनी धान  विक्रय के लिए लेकर जा रहे है। जिस कारण समिति प्रांगण विरान दिखाई दे रहा है और अभी पहुंच रहे किसानों को धान विक्रय करने में किसी तरह की कोई परेशानी नही हो रही है।

20 उपार्जन केंद्रों में एक अब तक शुरू नहीं
कोरिया जिले में धान विक्रय के लिए कुल 20 उपार्जन केंद्र बनाये गये है जिनमें से एक पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी धान खरीदी का शुभारंभ नहीं हो पाया है। शेष 19 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी का शुभारंभ तो कर दिया गया है लेकिन वहां किसान धान लेकर उतने ज्यादा संख्या में अभी पहुंच नहीं रहे है। कारण कि अभी जिले के कई क्षेत्रों में धान की कटाई कार्य ही पूरा नहीं हो पाया है। इस वर्ष देरी तक बारिश होने के कारण खेतों में भी कई जगहों पर पानी के कारण कीचड़ बना हुआ है जिससे कि धान की कटाई नहीं हो पायी है यही कारण है कि इस वर्ष अब तक धान खरीदी केंद्रों में पर्याप्त धान की आवक नहीं हो पा रही है। जबकि प्रदेश सरकार द्वारा 1 नवंबर से धान खरीदी की शुरूआत कर दी गयी है लेकिन पहले दिन जिले के किसी भी धान खरीदी केंद्रों में खरीदी की बोहनी नही हो पायी थी इस दिन तक कई उपार्जन केंद्रों का खरीदी का शुभारंभ नही हो पाया था।

18689 क्विंटल हुई अब तक खरीदी
मिली अधिकृत जानकारी के अनुसार कोरिया जिले में 20 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान की खरीदी की जानी है जिनमें से 19 खरीदी केंद्रों में धान की खरीदी शुरू की गयी है जहां अब तक 18689.60 क्विंटल धान की खरीदी हो पायी है। जिसमें से मिलर कही पर भी खरीदी किये गये धान का उठाव नही किये है जबकि धान विक्रय के 72 घंटे में धान का उठाव करने का नियम निर्धारित किया गया है। अभी धान की आवक कम है जिस कारण कई समितियों में इतना भी धान नही आ पाया है कि एक ट्रक में धान का उठाव हो पाये। अब तक जितने भी खरीदी केंद्रों में धान की खरीदी की गयी है वह सभी उपार्जन केंद्र में ही पडे हुए है।

उपार्जन केंद्रों में कितनी खरीदी, कटगोड़ी केंद्र में 0 क्विंटल खरीदी
कोरिया जिले में धान उपार्जन के लिए 20 केंद्र बनाये गये है जिनमें 17 नवंबर तक की स्थिति में 18689.60 क्विंटल धान खरीदी हो पायी है। जानकारी के अनुसार उपार्जन केंद्र गिरजापुर में 2434.80 क्विंटल, चिरमी में 140.80 क्विंटल, बंजारीडॉड में 136.80 क्विंटल, छिंदडॉड में 636.00 क्विंटल, जामपारा में 1260.80 क्विंटल, जिल्दा में 622.80 क्विंटल, रतनपुर मे 70.00 क्विंटल, झरनापारा में 366.00 क्ंिवटल, तरगवॉ में 1898.80 क्विंटल, धौराटिकरा में 1070.40 क्विंटल, पटना में 3203.60 क्विंटल, पोडी में 2138.00 क्विंटल, बडे कलुआ में 254.80 क्विंटल, बैमा में 1035.60 क्विटल, रजौली में 156.00 क्विंटल, सरभोका में 2248.00 क्विंटल, सलबा में 338.80 क्विंटल, कटगोड़ी में 0 क्विंटल, रामगढ में 57.60 क्विंटल तथा सोनहत में 620.00 क्विटल कुल 18689.60 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है।  
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news