धमतरी

धमतरी के मछली पालक को मिला राष्ट्रीय अवॉर्ड
22-Nov-2022 2:55 PM
धमतरी के मछली पालक को मिला राष्ट्रीय अवॉर्ड

9.63 करोड़ के टर्नओवर में 55.91 लाख का लाभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 22 नवंबर।
कुरूद ब्लॉक के बगौद निवासी मुश्ताक खान को ‘बेस्ट प्रोप्राइटरी फर्म’ का अवॉर्ड मिला है। उन्हें राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड के द्वारा उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय मछली पालन, उत्पादन एवं उससे रोजगार सृजन के लिए पुरस्कृत किया गया है। यह पुरस्कार सोमवार को केन्द्र शासित प्रदेश दमन में केन्द्रीय मछली पालन मंत्री  पुरुषोत्तम रूपाला के हाथों मिला। साल भर में 4 हजार टन मछली का उत्पादन किया, 9.63 करोड़ के टर्नओवर में शुद्ध 55.91 लाख की आय हुई। उन्होंने 21 सौ लोगों को रोजगार दिया था।

मछलीपालन के क्षेत्र में बगौद के मत्स्य कृषक मुश्ताक खान की कंपनी को देश की सबसे उत्कृष्ट मछली फर्म के तौर पर चुना गया है। केन्द्रीय मंत्री रूपाला के द्वारा 2 लाख रुपए, शॉल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार केन्द्र शासित प्रदेश दमन के स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम दुनेथा में मिला। इस दौरान केंद्रीय मछली पालन एवं पशुपालन राज्य मंत्री डॉ. एसके बालियान, राज्य मछली पालन मंत्री डॉ. एल मुरूगन और केन्द्र शासित राज्य के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल उपस्थित थे।

सालभर में 21 सौ लोगों को मिला रोजगार
पिछले वित्तीय वर्ष 2021-22 में मुश्ताक खान की फर्म भारतबाला एक्वा कल्चर में 4 हजार टन मछली का वार्षिक उत्पादन हुआ। इस कार्य में 9 करोड़ 63 लाख का टर्नओवर रहा। इससे 55 लाख 91 हजार रूपए की शुद्ध आय हुई। पूरे उत्पादन में उनके द्वारा 2100 लोगों को रोजगार भी मिला। उनके द्वारा केज कल्चर, आकर्षक रंग-बिरंगी मछली, चिताला एवं देसी मांगुर कल्चर के श्रेष्ठ उत्पादन किया।

2 श्रेणी में अवॉर्ड से सम्मानित
जानकारी के मुताबिक राज्य स्तरीय बिलासाबाई केंवटीन पुरस्कार और राज्य स्तरीय उन्नत कृषक पुरस्कार से नवाजा गया है।
छत्तीसगढ़ राज्य को मात्स्यिकी के क्षेत्र में 2 श्रेणी में अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। पहला पुरस्कार छत्तीसगढ़ राज्य को बेस्ट इनलेंड स्टेट का पुरस्कार तथा दूसरा बेस्ट प्रोप्राइटरी फर्म की श्रेणी में जिले के बगौद की फर्म भारतबाला एक्वाकल्चर को सम्मानित किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मछली पालन मंत्री रविन्द्र चौबे सहित कलेक्टर पीएस एल्मा ने उन्नत मछली पालक मुश्ताक खान को शुभकामनाएं दी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news