राजनांदगांव

रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने 3 दिसंबर से आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 दिसंबर। रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने पंचायत से जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। जिसके लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अंतर्गत आगामी 3 एवं 4 दिसंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर, 10 एवं 11 दिसंबर को जोन स्तर पर, 14 एवं 15 जनवरी को जनपद पंचायत स्तर पर, 28 एवं 29 जनवरी को जिला स्तर पर आयोजन होगा।
मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश में रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। कलेक्टर डोमन सिंह ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के तहत प्रथम चरण में ग्राम पंचायत स्तर तथा द्वितीय चरण में जनपद पंचायत स्तर पर रामायण मंडलियों के मध्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। जिला स्तर पर, जनपद पंचायत स्तर पर विजेता रामायण मंडलियों के मध्य प्रतियोगिता होगी। जिनमें से एक टीम का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार ग्राम पंचायत स्तर पर 3 एवं 4 दिसंबर 2022 तक, जोन स्तर पर 10 एवं 11 दिसंबर 2022 तक, जनपद पंचायत स्तर पर 14 एवं 15 जनवरी 2023 तक, जिला स्तर पर 28 एवं 29 जनवरी 2023 तक आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर सिंह ने क्षेत्र के पंजीकृत मानस मंडलियों को 5 से 6 जोन में विभक्त कर जोन स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। ग्राम पंचायत स्तर के विजेता टीम जोन स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेगी तथा जोन स्तर की विजेता टीम जनपद स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेगी। किसी भी स्तर के प्रतियोगिता के विजेता टीम के सदस्यों को बीच में कभी-कभी परिवर्तन नहीं किया जा सकेगा। शासन के निर्देशानुसार निर्धारित तिथियों में प्रतियोगिता आयोजित कर समयानुसार पालन प्रतिवेदन इस कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करने कहा।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले मानस मंडलियों को संस्कृति विभाग की चिन्हारी पोर्टल में पंजीकृत किया जाना है। पंजीकृत मानस मंडलियों को संस्कृति विभाग द्वारा 5 हजार रुपए सम्मान राशि प्रदाय की जाएगी। आयोजित प्रतियोगिता में जूरी (चयन समिति) में सदस्य के रूप में स्थानीय जनप्रतिनिधि, मानस विशेषज्ञ, वरिष्ठ कलाकार एवं संगीत शिक्षक को शामिल किया जाएगा। ग्राम पंचायत, जोन एवं खंड स्तर पर आयोजित होने वाले प्रतियोगिता के लिए ग्राम पंचायत, जोन एवं खंडवार जूरी का चयन कर उन्हें अवगत कराया जाए।