सरगुजा

पुलिस लोगों की सुरक्षा एवं सेवा के लिए हैै-आईजी
07-Dec-2022 8:12 PM
पुलिस लोगों की सुरक्षा एवं सेवा के लिए हैै-आईजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 7 दिसंबर। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग ने पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट का भ्रमण किया।  सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिंज, पीटीएस मैनपाट ने पुष्पगुच्छ भेंटकर प्रशिक्षण करने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये 159 नव आरक्षकों के बारे में सामान्य जानकारी दी। 

आईजी राम गोपाल गर्ग ने पीटीएस के सभाकक्ष में नव आरक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी सेवा के लिए प्रशिक्षण होना बहुत ही महत्वपूर्ण होता है, जो भी व्यक्ति प्रशिक्षण के दौरान सजग होकर एवं रुचि लेकर काम सीखता है वह किसी भी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कोई चुनौती आने पर उसे आसानी से हल कर सकता है।

 राम गोपाल गर्ग ने अपने सेवा काल के महत्वपूर्ण बातो को साझा करते हुए ट्रैनिंग कर रहे नवजवानों को बताया कि  पुलिस विभाग में आपको आने का मौका मिला है जिस पर आपको गर्व महसूस करना चाहिए। आप लोगों के द्वारा किसी भी विकट परिस्थितियों में फसे व्यक्ति की तत्काल मदद कर सकते हैं। पीडि़त को हिम्मत एवं साहस देने के साथ-साथ न्याय भी दिला सकते हैं। पुलिस की वर्दी लोगों को आत्मविश्वास देती है, आपको लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा। 

पुलिस का मूल कर्तव्य आपके पास आये फरियादियों के समस्याओं का धैर्य के साथ सुनना होगा, पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस द्वारा किए गए निष्पक्ष जांच के आधार पर ही पीडि़त व्यक्ति को न्याय व आरोपी को सजा मिल सकता है, इसलिए आपको लगन,मेहनत के साथ साथ विशेष रुचि रखते हुए प्रशिक्षण विद्यालय में दिए गए ज्ञान को अर्जित करना बहुत जरुरी है। 

आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा एवं सेवा के लिए है। पुलिस की नौकरी आपके केवल अपनी मेहनत से नहीं मिली बल्कि कई पीडि़तों, असहाय व्यक्तियों की दुआओं का भी बहुत बड़ा योगदान होगा, जरूर किसी पीडि़त व्यक्ति ने भी दुआएं की होगी कि कोई ऐसा व्यक्ति आये जो हमारी मदद कर सके और उसकी दुआओं से आपको यह वर्दी मिली होगी।

 उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति का आत्मसम्मान है, उसका सम्मान आपको करना चाहिए। हर व्यक्ति के मानवाधिकारों का सम्मान करना चाहिए। आप युवाओं के रोल मॉडल हैं इसलिए आपको अपना चाल चलन एवं चरित्र भी उच्च कोटि का रखना होगा, जिससे युवा आप का अनुकरण करके आपके जैसा बनने का सपना देख सके।

आईजी राम गोपाल गर्ग ने नव आरक्षकों को ये सुझाव दिए कि आपको स्वयं अनुशासित रहना होगा, तभी किसी को आप अपना उदाहरण दे पाएंगे, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि तनाव से दूर होकर शांत मन से निर्णय लेने से हमेशा सही परिणाम आते हैं आपको न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत होने की जरूरत है।
इस दौरान पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट के पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिंज सहित पी.टी.आईं एवं ट्रेनिंग सेंटर के समस्त स्टॉफ व नव आरक्षक मौजूद रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news