रायगढ़

लिव इन रिलेशन, प्रेमिका से पीछा छुड़ाने की थी हत्या, हैदराबाद से बंदी
25-Dec-2022 4:34 PM
लिव इन रिलेशन, प्रेमिका से पीछा छुड़ाने की थी हत्या, हैदराबाद से बंदी

पांच साल पुराने हत्या का खुलासा, पुल के पास मिली थी महिला की लाश
रायगढ़, 25 दिसंबर। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में पांच साल पहले महिला की संदिग्ध मौत में अब जाकर पुलिस ने आरोपी को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि उसने 5 साल पुराने हत्या के मामले को सुलझा लिया है। दोनों किराये का मकान लेकर एक साथ रहते थे। मृतका के बार-बार बुलाये जाने से वह परेशान था और इससे निजात पाने उसने हत्या की।

क्या है पूरा मामला
थाना घरघोड़ा अन्तर्गत ग्राम कसैया वार्ड क्रमांक 01 में रहने वाने हरिराम राठिया (उम्र 62 वर्ष) ने 23 अक्टूबर को थाना घरघोड़ा में उसके खेत में अज्ञात महिला उम्र करीब 30-35 वर्ष का शव पड़े होने की सूचना दिया था। सूचना पर तत्काल घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल पर महिला का शव पड़ा था, महिला की हत्या अज्ञात आरोपी द्वारा गला रेत कर किये जाने के निशान मौजूद थे, मौके से मृतिका का बैग जिसमें उसके कपड़े वगैरह रखे थे, जप्त किया। तत्समय घरघोड़ा पुलिस द्वारा अज्ञात महिला की शिनाख्तगी का काफी प्रयास किया गया जो बेसुध रहा। मर्ग जांच में पीएम रिपोर्ट प्राप्त कर मामले में अज्ञात आरोपी पर हत्या का अपराध दर्ज किया गया।  

अपराध अनुसंधान के दौरान नावापारा टेण्डा, घरघोड़ा में रहने वाली महिला  कांतिबाई महंत ने मृतिका का फोटो व जब्त समानों को देखकर मृतिका की पहचान उसके किराये मकान में रहने वाली काजल महतो के रूप में की। मामले की महत्वपूर्ण गवाह कांतिबाई महंत बताई कि काजल उसके पति अनिल के साथ रहती थी, छठ पूजा गांव में मनायेंगे कहकर दोनों गांव जाने के नाम से निकाले थे। पुलिस दोनों के संबंध में जानकारी जुटाई, पता चला कि दोनों घरघोड़ा क्षेत्र में रेल्वे नवनिर्माण कार्यो में मजदूरी का काम करते थे। दोनों रायगढ़ के ना होकर झारखंड या बिहार के रहने वाले थे।

पुलिस टीम मृतिका और उसके साथ रहने वाले अनिल के संबंध में पूरी जानकारी जुटाने में फोकस कर अपनी जांच को आगे बढ़ाई। जांच दौरान पूर्व में पुलिस टीम डाल्टनगंज (झारखंड) अनिल की पतासाजी में गई थी, अनिल उसके पते से नदारद मिला। जब संदेही अनिल का लोकेशन सर्विलांस में रखा गया तो पाया गया कि अनिल लगातार अपना मोबाइल नम्बर बदल रहा है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए संदेही का पता लगाया गया जिसके हैदराबाद में होने की पुख्ता जानकारी मिलने पर तत्काल थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम हैदराबाद रवाना हुई। जहां कुछ दिन कैम्प कर आरोपी पतासाजी कर आरोपी को हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया गया।

आरोपी ने गुनाह कबूला
आरोपी अनिल चंद्रवंशी (36) मझगवां थाना रोहतास जिला रोहतास (बिहार) के अपराध की स्वीकारोक्ति के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस आरोपी को साथ घटनास्थल लेकर पहुंचे। जहां उसके साथ पूर्व में काम करने वाले एवं किराये मकान मालिक, गवाहों ने अनिल चंद्रवशी को पहचाना। गवाहों के समक्ष पुलिस ने क्राइमसीन री कंन्स्ट्रक्शन कराकर पूरी विडियोग्राफी कराते हुए आरोपी से घटनास्थल के समीप छिपाये हुये, चाकू जब्त किया गया।

आरोपी अनिल चंद्रवशी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2017 में घरघोड़ा में रहकर सेट्रिंग मिस्त्री का काम करता था। इसके साथ रहने वाले दोस्त के माध्यम से काजल महतो निवासी गढ़वा जो कि घरघोड़ा में कहीं रहकर मजदूरी का काम करती थी उसका मोबाईल नंबर मिला। दोनों क्षेत्रीय होने से आपस में बातचीत करने लगे और मिलने लगे। कुछ दिनों बाद काजल साथ रखने का दबाव बनाने पर अनिल उसे अपनी पत्नी बताकर नवापारा टेण्डा में किराया मकान लेकर रहने लगा। दोनों साथ पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। इसी बीच अनिल के साढू का एक्सीडेंट होने से गांव चला गया जिसे काजल बार-बार फोन कर घरघोड़ा बुलाती थी और नहीं आने पर स्वयं गांव पहुंचने की धमकी देती थी, जिससे काफी परेशान हो गया। उसने काजल महतो को संबंधों को खत्म करने के लिये बाला किन्तु वो तैयार नहीं थी। अनिल चंद्रवशी माह अक्टूबर 2017 को छठ त्यौहार के लिये अकेले गांव घर जाने तैयारी कर रहा था तो काजल अकेले नहीं जाने दूंगी कहकर जीद की जिसे बिहार साथ ले जाने का दिलासा देकर उसके हत्या की सजिश रच कर एक चाकू अपने साथ बैग में छिपाकर रखा और दोनों 22 अक्टूबर को किराये घर से पैदल धरमजयगढ़-पत्थलगांव रोड़ तरफ बातचीत करते आगे बढ़े, रात्रि करीब 9 बजे घरघोड़ा सरकारी अस्पताल के कुछ दूर आगे सुनसान रास्ते में अनिल ने काजल महतो की गला रेतकर हत्या कर दी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news