सरगुजा

अंबिकापुर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से भाजपा के मिशन 2023 की तैयारियों का आगाज
17-Jan-2023 7:52 PM
अंबिकापुर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से भाजपा के मिशन 2023 की तैयारियों का आगाज

   ओम प्रकाश, अजय जामवाल सहित भाजपा के कई दिग्गज होंगे शामिल   
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अम्बिकापुर, 17 जनवरी।
भाजपा कार्यालय संकल्प भवन अंबिकापुर में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि अंबिकापुर में आगामी 20 एवं 21 जनवरी को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से भाजपा का मिशन 2023 के चुनाव तैयारियों का आगाज हो जाएगा। इसके पूर्व वर्ष 2016 के जून महीने में अंबिकापुर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई थी, जिसकी जमकर तारीफ हुई थी।

6 साल बाद 2023 चुनावी वर्ष में प्रदेश नेतृत्व ने पुन: सरगुजा को यह जिम्मेदारी दी है। वरिष्ठ नेताओं ने इसे सफल बनाने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के दिग्गज नेता राष्ट्रीय पदाधिकारी ओम प्रकाश माथुर, अजय जामवाल, शिव प्रकाश, नितिन नबीन सहित पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव व अन्य दिग्गज नेता शामिल होंगे। रेणुका सिंह ने कहा कि चुनावी वर्ष होने के कारण अंबिकापुर में आयोजित कार्यसमिति की बैठक काफी महत्वपूर्ण है। 

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में क्या एजेंडे होंगे और कैसे कांग्रेस को पटखानी देना है, इसके लिए रोड मैप बनाया जाएगा। रेणुका सिंह ने कहा कि हम अपनी खोई हुई सीट को हासिल कर छत्तीसगढ़ में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे।

अंबिकापुर में आयोजित वर्ष 2023 में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का नेतृत्व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह के हाथों में है, इसलिए रेणुका सिंह इस बैठक में कोई भी कसर नहीं छोडऩा चाहती है, इसके लिए वह स्वयं व भाजपा के अन्य पदाधिकारियों के साथ व्यापक तैयारी में लगी हुई है।

जनजाति सम्मेलन में 50 हजार से अधिक लोग पहुंचेंगे
प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने बताया कि 21 जनवरी को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उपरांत दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक जनजाती अधिकार महासम्मेलन होगा, जिसमें 50 हजार से अधिक लोग उपस्थित होंगे। जनजाति सम्मेलन में धर्मांतरण सहित अन्य मुद्दे उठाए जाएंगे। 

वार्ता के दौरान रेणुका सिंह ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ में 12 जातियां ऐसी थी, जिन्हें लिपिक त्रुटि के कारण संवैधानिक अधिकार प्राप्त नहीं हो रहा था। लोकसभा में पास होने के बाद राज्यसभा का बजट सत्र 30 जनवरी से प्रारंभ होने वाला है उसमें भी पारित हो जाएगा। बहुत शीघ्र बिंझीया, पंडो सहित अन्य जनजातियों को लाभ मिलने वाला है।

अंबिकापुर-दिल्ली निजामुद्दीन ट्रेन बहुत जल्द होगा पैसेंजर में तब्दील
प्रेस वार्ता के दौरान रेणुका सिंह से प्रेस वार्ता में पूछा गया कि आपके संसदीय कार्यकाल के लगभग 4 वर्ष पूरे होने वाले हैं इस वर्ष की क्या कार्ययोजना है? प्रश्न के संदर्भ में उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे काम नियमित होते रहते हैं, हमने बड़ा काम अंबिकापुर से दिल्ली निजामुद्दीन ट्रेन चलाकर किया है। जो काम वर्षों से लोग नहीं कर सके, उसे मैंने किया है। अभी सप्ताह में 1 दिन अंबिकापुर निजामुद्दीन दिल्ली तक ट्रेन चल रही है और 5 महीने तक इसका ट्रायल हो गया है,खुशी की बात है। बहुत जल्दी उक्त ट्रेन  पैसेंजर ट्रेन के रूप में तब्दील होगा अब ट्रेन 3 दिन फिर प्रतिदिन चलने के आसार हैं।

मई में प्रधानमंत्री को सरगुजा आने का दिया है न्योता
वार्ता के दौरान रेणुका सिंह ने कहा कि अंबिकापुर-रेणुकूट, अंबिकापुर-बरवाडीह एवं अंबिकापुर गढ़वा तक के सर्वे का काम अंतिम चरण में है। वह 5 जनवरी को प्रधानमंत्री से मुलाकात कर इसके बारे में बताना बताया और कहा कि मई महीने में सरगुजा आने का न्योता प्रधानमंत्री को दिया है, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया है। प्रधानमंत्री के कर कमलों से इस कार्ययोजना की शुरुआत होगी, इसके लिए बजट में 55 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। चिरमिरी से नागपुर तक 11 किलोमीटर रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण में आ रही दिक्कत को लेकर रेणुका सिंह ने रेलवे मंडल के अधिकारियों से बात करने की बात कही। 

पत्रकारों के प्रश्न भारत माला परियोजना में सरगुजा की कौन सी सडक़ शामिल की गई है तो उन्होंने कहा कि अंबिकापुर से बनारस एवं अन्य एनएच को शामिल करने के लिए उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। केंद्र सरकार स्टेट सरकार से पत्र व्यवहार कर रही है।

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 1 लाख 17 हजार गांव चिन्हित
केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत काल पर गांव को विकसित करने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की शुरुआत की गई है। छत्तीसगढ़ में 1 लाख 17 हजार गांव चिन्हित किए गए हैं, जिनके खाते में 20 लाख 39 हजार की राशि आएगी। उक्त राशि से 14 तरह के काम गांववाले अपने गांव के विकास में कर सकेंगे।

रेणुका सिंह ने कहा कि जिसने गांव का विकास करने का वादा किया था उन्होंने कुछ नहीं किया हमने बिना वादा किए गांव के विकास के बारे में सोचा है।  रेणुका सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री आवास का काम रोक रखा है जिससे जनता काफी परेशान हैं। भाजपा ने मोर मकान मोर अभियान गांव गांव में चला रही है जिसमें लोगों का अपार समर्थन मिला है। जनता आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को इसका मुंह तोड़ जवाब देगी। अंबिकापुर में हवाई जहाज सेवा शुरू होने को लेकर रेणुका सिंह ने कहा कि रनवे का काम पूरा नहीं हुआ है, इसके अलावा अन्य काम भी प्रक्रियाधीन है जिसे पूरा करने 90 करोड़ दिए गए हैं, बहुत जल्द कार्य पूर्ण होंगे। संभवत: अप्रैल-मई तक हवाई सेवा यहां से प्रारंभ हो जाएगी। 

प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, वरिष्ठ भाजपा नेता अखिलेश सोनी, अनिल सिंह मेजर, अभिमन्यु गुप्ता, रूपेश दुबे सहित अन्य मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news