रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जनवरी। मुंबई और विशाखापटनम के लिए बीते 15 वर्षों से संचालित एयर इंडिया की एकमात्र विमान सेवा बंद हो रही है। यह बात एयर इंडिया ने स्वयं अपने ट्वीटर पर कही है।
यहां बता दें कि एयर इंडिया कुछ महीना पहले अपने दिल्ली-रायपुर-दिल्ली उड़ान को बंद कर दिया था। इससे सुबह दिल्ली जाकर शाम को रायपुर वापसी की एक बड़ी सुविधा खत्म हो गई है। अब एयर इंडिया दूसरी महत्वपूर्ण उड़ान को बंद करने की तैयारी में है। ऐसा नहीं है कि रायपुर से मुंबई या रायपुर से विशाखापटनम के लिए यात्री नहीं मिलते। बल्कि दोनों ही शहरों के लिए विमान फुल रहता है। इतना ही नहीं विशाखापटन से मुंबई भी फुल केपीसिटी के साथ उड़ान होती है। यह विमान बीते 15 वर्षों से सफलता के साथ चल रही है।
छत्तीसगढ़ से भारी डिमांड को देखते हुए ही मुंबई-रायपुर-भुवनेश्वर-मुंबई विमान को एयर इंडिया ने विशाखापटनम जोड़ते हुए शुरू किया है। उसे भुवनेश्वर के लिए यात्री नहीं मिल रहे थे। अब पूरे सप्ताह फुल टेकऑफ के बावजूद इसे बंद करना समझ से परे है। कुछ ऐसा ही दिल्ली-रायपुर-दिल्ली उड़ान के साथ भी किया गया था। इस उड़ान के बंद होने से अब केवल इंडिगो की तीन उड़ान ही मुंबई के लिए उपलब्ध होंगी।
ऐसे में एयर इंडिया के पैसेंजर इंडिगो की ओर रूख करेंगे। यानि निजी ऑपरेटर को फायदा होगा। एयर इंडिया के ट्वीट के मुताबिक 13 फरवरी से मुंबई-रायपुर-विशाखापटनम-रायपुर-मुंबई उड़ान बंद हो सकती है। इस ट्वीट पर व्यास ट्रैव्हल्स के संचालक कीर्ति व्यास ने कहा कि ऐसा हो रहा है तो छत्तीसगढ़ के यात्रियों के साथ अन्याय है। फुललोड की सर्विस को बंद करना उचित नहीं है। एयर इंडिया प्रबंधन को पुनर्विचार करना चाहिए।