महासमुन्द

महासमुंद में गृहमंत्री ने किया ध्वजारोहण
महासमुंद। महासमुंद जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आयोजित मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड निरीक्षण कर सलामी ली उसके बाद मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस दौरान मंत्री श्री साहू ने शांति, शौर्य और हरियाली के नाम तीन रंगों के गुब्बारे आकाश में छोड़े। बारह प्लाटून कमांडरों, होमगार्ड,एनसीसी, एसएसएस, स्काउट और रेड क्रास के बच्चों ने मनमोहक मार्चपास्ट कया। स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। शहर के प्रत्येक वार्ड मेंवार्ड के पार्षदों ने ध्वजारोहण किया।
गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें साल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। इसके पश्चात विभिन्न स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा विभिन्न विभागों के शासकीय योजनाओं एवं गतिविधियों की झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही जिला और पुलिस प्रशासन के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी और जवानों तथा एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड के प्लाटून एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थी टीम को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया।
जिले के कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने जिला कार्यालय कलेक्टोरेट परिसर में, जिला पंचयात में अध्यक्ष उषा पटेल ने, नगरपालिका में अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने, जनपद पंचायत में अध्यक्ष यतेंद्र साहू ने, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने, कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने, जिले के तमाम ग्राम पंचायतों मेंवहां के सरपंचों ने ध्वजारोहण किया। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने अपने सरकारी निवास पर भी झंडा फहराया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। महासमुंद विधानसभा क्षेत्र तुमगांव चौक,आमावस, बेलटुकरी के विभिन्न स्थानों पर किसान नेता अशवन्त तुषार साहू ने गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया और क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी।
इस अवसर पर संसदीय सचिव एवं विधायक महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, जिलापंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, नगरपालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू, महिला आयोग अध्यक्ष अनिता जी रावटे, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर, कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.आलोक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी,जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इससे पहले गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू महासमुंद में राजधानी रायपुर से कल गुरूवार को प्रात: 7.15 बजे प्रस्थान कर 8.15 बजे रेस्ट हाउस महासमुंद पहुंचे। समारोह स्थल पर उनका आगमन सुबह 8.58 बजे हुआ। प्रात: ठीक 9 बजे उन्होंने ध्वजारोहण एवं सलामी ली। विभागीय झांकियों के प्रदर्शन के बाद पुरस्कार वितरण के बाद 11 बजे कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात वे राजधानी रायपुर के लिए रवाना हुए।