धमतरी

जनपद अध्यक्ष की कुर्सी बचाने बंद कमरे में कांग्रेसी नेताओं की हुई बैठक
03-Feb-2023 3:56 PM
जनपद अध्यक्ष की कुर्सी बचाने बंद कमरे में कांग्रेसी नेताओं की हुई बैठक

12 में से 2 सदस्य पहुंचे, 10 गायब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 3 फरवरी।
जनपद पंचायत धमतरी के कांग्रेस अध्यक्ष गूंजा साहू और भाजपा उपाध्यक्ष अवनेन्द्र साहू की कुर्सी खतरे में है। दोनों पदाधिकारी को हटाने सत्ता पक्ष कांग्रेस के साथ भाजपा के सदस्य एकमत हो गए है। दोनों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने 19 सदस्यों की तैयारी है। अब कांग्रेस के शीर्ष नेता अध्यक्ष की कुर्सी और भाजपा के नेता उपाध्यक्ष की कुर्सी बचाने खूब जद्दोजहद कर रहे है। खास बात यह कि धमतरी के जनपद पंचायत में अध्यक्ष नहीं टिक रहे। लगातार दूसरी बार फिर अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी है। अब कौन बनेगा अध्यक्ष को लेकर सियासत फिर गरमाई है।

गुरूवार को राजीव भवन में कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक हुई। दोपहर 1.30 बजे से 2.30 बजे तक करीब 1 घंटे राजीव भवन के बंद कमरे में यह बैठक चली। जिसमें कांग्रेस के 12 जनपद सदस्यों में से अध्यक्ष सहित 2 सदस्य उपस्थित हुए, जबकि 10 सदस्य गायब रहे।

6 महीने से उथल-पुथल जारी  
बीते 6 महीने से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को कुर्सी से हटाने उथल-पुथल जारी है। दोनों के खिलाफ 19 जनपद सदस्यों ने हस्ताक्षर युक्त अविश्वास प्रस्ताव पत्र 30 जनवरी को कलेक्टर को दिया है। इसके पहले 27 जनवरी को पहली बैठक लेकर संतुष्ट कांग्रेस-भाजपा के सदस्यों ने आवेदन तैयार किया। जिसमें कुछ सदस्यों का हस्ताक्षर नहीं हुआ था। वर्तमान में जनपद सदस्य 25 हैं, जिसमें 12 कांग्रेस व 13 भाजपा के सदस्य हैं।

इन 6 जनपद सदस्यों का हस्ताक्षर नहीं
कलेक्टर को सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव पत्र में जनपद अध्यक्ष गूंजा साहू कांग्रेस, उपाध्यक्ष अवनेंद्र साहू भाजपा के अलावा चंद्रकला देमार भाजपा, बृजेश जगताप लिमतरा कांग्रेस, मनीषा साहू शंकरदाह कांग्रेस व रोशनी पवार खरतुली कांग्रेस के हस्ताक्षर नहीं है, जबकि अन्य 19 सदस्यों के हस्ताक्षर पत्र में हैं।

घंटेभर बंद कमरे में मंथन
गुरूवार को राजीव भवन में घंटेभर कांग्रेस नेताओं की बैठक चली। जिसमें जिलाध्यक्ष शरद लोहाना, पूर्व विधायक गुरूमुख सिंह होरा, मोहन लालवानी, विपिन साहू, नीशू चंद्राकर, मदनमोहन खंडेलवाल, गोपाल शर्मा, ओंकार साहू, अरविंद दोशी, हरमिंदर छाबड़ा, सूर्याराव पवार, प्रकाश पवार सहित वर्तमान जनपद अध्यक्ष गूंजा साहू, सदस्य बृजेश जगताप मौजूद थे। बंद कमरे में हुई बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष को हटाने दोनों पार्टी के 19 सदस्य कैसे एक हुए, सवाल पर यदि अविश्वास प्रस्ताव पारित होता है, तो कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान होने की संभावना है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news