महासमुन्द

संस्कृति मंत्री ने किया सिरपुर महोत्सव का शुभारंभ
06-Feb-2023 3:17 PM
संस्कृति मंत्री ने किया सिरपुर महोत्सव का शुभारंभ

महोत्सव संस्कृति और परम्पराओं का हिस्सा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 फरवरी।
महासमुंद जिले के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थल सिरपुर में माघ पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का कल शाम खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने छत्तीसगढ़ महतारी की चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने विकास योजनाओं और विभागीय गतिविधियों पर आधारित विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा कलाकारों को सम्मानित किया। मंत्री श्री भगत और अतिथियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम डंडा नृत्य का आनंद लिया उसके बाद कलाकारों के साथ तस्वीर भी खिचवाते हुए उपस्थित सभी जनों को माघी पूर्णिमा सिरपुर महोत्सव की शुभकामनाएं दी।

कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत ऊषा पटेल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, अध्यक्ष जनपद पंचायत महासमुंद यतेंद्र साहू, जिला अध्यक्ष स्काउट गाइड दाऊलाल चंद्राकर, सरपंच, जनप्रतिनिधि, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस आलोक सहित बड़ी संख्या में नागरिक  उपस्थित थे। मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि सरकार बनने के बाद सरकार हर तरफ़ विकास के काम कर रही है। किसान हित में फैसले ले रही है। यहां किसान खुशहाल है। धान की बम्पर खऱीदी की गयी है। किसान की जेब में पैसा आया है। किसान तरक्की करेगा तभी छत्तीसगढ़ आगे बढ़ेगा। गढ़बो छत्तीसगढ़ का सपना पूरा होगा। उन्होंने सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां भी बतायी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महोत्सव संस्कृति और परम्पराओं का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि यहां के लोग पुरानी परम्पराओं को बनाये रखने और उसे संरक्षण दे रहे हैं। सरकार लोक कलाकारों को प्रोत्साहित कर रही है।

हर किसी को अपनी संस्कृति पर गर्व करना चाहिए। सिरपुर लोगों की आस्था और श्रद्धा का केन्द्र है। दूर-दूर से लोग यहां आकर अपनी कलाओं का प्रदर्शन करते हैं और इस महोत्सव में व्यापारी जरूरत के सामग्रियों का क्रय भी करते हैं। आभार व्यक्त सीईओ जिला पंचायत एस आलोक ने किया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news