सूरजपुर

हाथ से हाथ जोड़ो पदयात्रा: राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
13-Feb-2023 8:07 PM
हाथ से हाथ जोड़ो पदयात्रा: राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

केंद्र सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
प्रतापपुर, 13 फरवरी।
कांग्रेस की हाथ से हाथ जोड़ो पदयात्रा प्रतापपुर के ग्राम पंचायत खजुरी और बैकोना पहुँची। ब्लॉक के विभिन्न नेताओं ने यहां ग्रामीणों को भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ जागरूक करते हुए अगले लोकसभा चुनाव में उन्हें सबक सिखाने का आह्वान किया।

कांग्रेस की पूरे देश में 26 जनवरी से शुरू हुई हाथ से हाथ जोड़ो पदयात्रा की शुरुआत प्रतापपुर विकासखण्ड में ब्लॉक अध्यक्ष कुमार सिंह द्वारा 27 जनवरी को दूरस्थ ग्राम गोरगी से की गई थी। दो हफ्तों में कांग्रेसियों की यह पदयात्रा कई ग्राम पंचायतों में पहुंच चुकी है। स्थानीय विद्यायक और मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह लोलकी में इस अभियान में शामिल हुए थे।

ब्लॉक अध्यक्ष कुमार सिंह देव  के साथ शक्कर कारखाना अध्यक्ष विद्यासागर सिंह, उपाध्यक्ष जितेंद्र दुबे, नगर पंचायत जरही ने अध्यक्ष बीजू दासन, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष बनवारीलाल गुप्ता, सतीश चौबे जैसे स्थानीय बड़े नाम इसमें शामिल हो आम लोगों को केंद्र में भाजपा सरकार के खिलाफ जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।

कई ग्राम पंचायतों में पहुंच चुका यह अभियान रविवार को बैकोना और खजुरी पहुंचा। इस दौरान उपस्थित कांग्रेस के नेताओं ने ग्रामीणों के साथ इन पंचायतों के हर मोहल्ले में पदयात्रा की,वे लोगों से मिलते रहे और केंद्र में भाजपा सरकार के कारण देश में फैली अराजकता, महंगाई, नफरत व अन्य मुद्दों से अवगत कराया।

इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष कुमार सिंह देव ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार की अक्षमता, जन-विरोधी नीतियाँ, विभाजनकारी और विनाशकारी राजनीति के कारण देश में गंभीर बेरोजगारी, महंगाई, वित्तीय संकट है, देश में आर्थिक बर्बादी की स्थिति निर्मित हो गई है। उन्होंने कहा कि देश राजनेता नहीं बल्कि उद्योगपति चला रहे हैं,समय आ गया है कि इस विकट स्थिति से देश को बचाने हम सब एकजुट हों और केंद्र की भाजपा सरकार को सबक सिखाते हुए उखाड़ फेंके।

शक्कर कारखाना उपाध्यक्ष जितेंद्र दुबे ने कहा कि जब देश में कांग्रेस की सरकार थी,हर तरफ प्यार मोहब्बत था। सभी धर्म जाति के लोग मिल जुलकर रहते थे लेकिन अब नफरत हो नफरत है जिसका कारण भाजपा की केंद्र सरकार है।हमारी सरकार में देश विकास के पहियों ओर दौड़ता था लेकिन अब विकास नाम की कोई चीज दिखाई नहीं देती, केंद्र में बैठी भाजपा की सरकार केवल उद्योगपतियों तथा अपने करीबियों का विकास कर रही है।

उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि देश में फिर से अमन चैन हो,बेरोजगारी दूर हो,सभी को आपस में जोडऩे की नीति पर काम हो इसलिए जरूरी है कि फिर से केंद्र में कांग्रेस की आपकी अपनी सरकार बने। उन्होंने केंद्र में भाजपा सरकार के आठ साल के गलत निर्णयों और कार्यो की जानकारी दी तथा छत्तीसगढ़ सरकार के जनहित के कार्यों का भी बखान किया।

इस दौरान बनवारी लाल गुप्ता,सतीश चौबे, सेक्टर प्रभारी करीमन पैकरा, ग्राम पंचायत शिवपुर के सरपंच देव शरण, बैकोना के सरपंच राजेंद्र, ग्राम पंचायत खजुरी के पूर्व सरपंच रामकिशन, बुधराम पैकरा, बल्लाराम, गोपाल राम, बासु राम, युवक कांग्रेस के मुमसाद खान,वसीम इराकी,प्रणव दुबे सहित अन्य उपस्थित थे।

कई विकास कार्यों का भूमिपूजन
हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा अभियान के दौरान विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी दी गई। बैकोना में 14 लाख की लागत से बनने वाले सीसी सडक़,चार लाख की लागत की नाली, दो लाख की लागत से लगने वाले स्ट्रीट लाइट कार्यों का भूमिपूजन किया गया। यहां के साथ खजुरी में 14 लाख के सीसी सडक़ और 4 लाख की नाली के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news