बलरामपुर

धान के अलावा अन्य फसलों को दें बढ़ावा-कलेक्टर
26-Feb-2023 8:31 PM
धान के अलावा अन्य फसलों  को दें बढ़ावा-कलेक्टर

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 26 फरवरी।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समस्त कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों व कर्मचारियों की विभागीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने विभाग में संचालित योजनाओं किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान समृद्धि योजना, गोधन न्याय योजना, भारतीय प्राकृतिक कृषि पद्धति, रबी वर्ष 2022-23 के बीज लक्ष्य भण्डारण एवं वितरण की समितिवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।

बैठक में कलेक्टर ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों से किसान क्रेडिट कार्ड के संबंध में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 मार्च तक निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश दिये। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ रबी वर्ष 2022-23 के अद्यतन की प्रगति एवं ऋणी कृषक व अऋणी कृषक की जानकारी ली। इसके साथ ही कलेक्टर ने किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत ई-केवायसी, आधार सीडिंग एवं लैण्ड सीडिंग की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने विकासखण्ड बलरामपुर व राजपुर में ई-केवायसी, आधार सीडिंग एवं लैण्ड सीडिंग के शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा ऋणी कृषकों से वसूल की जाने वाली राशि को समय-सीमा में वसूल करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए वर्मी कम्पोस्ट खाद के उठाव, गोबर खरीदी की तुलना में कम्पोस्ट रूपांतरण का प्रतिशत, कुल निर्मित गौठानों के विरूद्ध सक्रिय गौठानों की जानकारी, समितिवार वर्मी कम्पोस्ट भण्डारण वितरण एवं बचत व स्वावलंबी गौठानों जानकारी ली तथा शेष बचे हुए वर्मी कम्पोस्ट का उठाव करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने गौठानों मे पैरादान के प्रगति की जानकारी लेते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने भारतीय प्राकृतिक कृषि पद्धति व मिलेट मिशन योजना के तहत कोदो, कुटकी, रागी, की खेती की जानकारी ली। तथा लक्ष्य के अनुरूप विकासखण्डवार विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हेतु कलस्टरों का चयन कर गांवों को चिन्हांकित करने के निर्देश दिये, जहां सम्पूर्ण क्षेत्र में रागी, कोदो, कुटकी की फसल लगायी जा सके। इसके साथ ही कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों से विस्तृत कार्ययोजना बनाने तथा जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने क्रेडा विभाग द्वारा संचालित सौर सुजला योजना के लक्ष्य के प्रगति की जानकारी लेते हुए लक्ष्य प्राप्ति हेतु कार्य करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने विभाग द्वारा स्वीकृत कार्यों के प्रगति की जानकारी ली तथा पूर्ण कार्यों का निरीक्षण कर भुगतान करने, अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने व प्रगतिरत कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्यों, डीएमएफ फण्ड द्वारा किये जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र में बीज उत्पादन, हेचरी यूनिट, पौधारोपण, गोमूत्र से निर्मित कीटनाशक व उर्वरक बीजामृत, जीवामृत, निमास्त्र, ब्रम्हास्त्र के उत्पादन की जानकारी तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने हेतु किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। 
 
बैठक में उप संचालक कृषि एस.के.प्रसाद, अनुविभागीय अधिकारी कृषि आर.एस. कुजूर, सहायक संचालक कृषि जी.पी. खांडेकर, भूमि संरक्षण अधिकारी आदित्य नंदन यादव, सहायक अभियंता क्रेडा सुमन किण्डो, कृषि विज्ञान केन्द्र के विषय वस्तु विशेषज्ञ, सर्व वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, ए.टी.एम., बी.टी.एम. उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news