जशपुर

सभी बूथों को मजबूत करने भाजपा का बूथ सशक्तिकरण अभियान शुरू
02-Mar-2023 8:33 PM
सभी बूथों को मजबूत करने भाजपा  का बूथ सशक्तिकरण अभियान शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 2 मार्च।
भारतीय जनता पार्टी विधानसभा व लोकसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य हासिल करने एक-एक बूथ को मजबूत करने की रणनीति बना कर आगे बढ़ रही है। भाजपा का पूरा फोकस प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाने में है, जिसके लिये भाजपा ने बूथ सशक्तिकरण अभियान आरंभ किया है। जिसकी महत्वपूर्ण कार्यशाला बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय जशपुर में पूर्व सांसद नंदकुमार साय, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार के मुख्य आतिथ्य में एवं सरगुजा संभाग सह प्रभारी भरत सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत, विधानसभा प्रभारी रमन अग्रवाल की उपस्थिति में, जिला भाजपाध्यक्ष सुनील गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गयी, जिसमें जिले के सभी 20 मण्डलों के अध्यक्ष, महामंत्री सहित सभी 5 सदस्यीय टीम को बुलाया गया था।

कार्यशाला में वक्ताओं ने बूथ सशक्तिकरण अभियान की बारीकियों को विस्तार से बताया। श्रीनिवास राव मद्दी ने कहा कि प्रत्येक बूथ मजबूत हो, इसके लिये गंभीरता से पूर्ण प्रयास करने हैं। 31 मार्च तक बूथ सशक्तिकरण के समस्त कार्य पूरा करना निर्धारित किया गया है। गठित बूथ समितियां क्रियाशील रहे, इसकी चिंता करनी हैं। बूथ समितियों का सत्यापन भी आवश्यक किया गया है। बूथ के सशक्त होने का सीधा लाभ आसन्न चुनावों में मिलेगा।

आगे उन्होंने कहा कि समूचे प्रदेश में बूथ सशक्तिकरण अभियान आरंभ किया गया है, जिले के सभी बूथ को मजबूत बनाने मेहनत करनी है। इस महत्वपूर्ण अभियान में दृष्टि रखने विस्तारक भी होंगे।  

महिला मोर्चा की टीम बूथ स्तर पर केन्द्र की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों से सीधा संपर्क करेंगी, साथ ही महिलाओं के बीच पहुँच कर राज्य की कांग्रेस सरकार की कुरीतियों को भी प्रमुखता से उजागर करने का कार्य करेंगी। 

कार्यशाला को पूर्व सांसद नन्दकुमार साय, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, सरगुजा संभाग सह प्रभारी भरत सिंह सिसोदिया, जिला भाजपाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जशपुर विधानसभा प्रभारी रमन अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत ने संबोधित किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news