कोण्डागांव

नए शैक्षणिक सत्र में कोण्डागांव में 10 स्वामी आत्मानंद स्कूल
13-Mar-2023 9:22 PM
नए शैक्षणिक सत्र में कोण्डागांव में 10  स्वामी आत्मानंद स्कूल

 8 हजार से अधिक को मिलेगा प्रवेश, 200 से अधिक को मिलेगा रोजगार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 13 मार्च।
शैक्षणिक सत्र 2023-24 के प्रारंभ होते ही कोण्डागांव जिला में चल रहे स्वामी आत्मानंद स्कूल में प्रवेश को लेकर हो रही हो मारामारी खत्म हो जाएगी। क्योंकि इस साल जिला में 10 नए आत्मानंद स्कूल खोलने की योजना जिला प्रशासन की ओर से बनाई गई है। यहीं नहीं बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद यह योजना पूरी होती नजर आ रही है। शिक्षा विभाग की माने तो 10 नए आत्मानंद स्कूल खुलने से जिला के लगभग 8 से 10 हजार बच्चों को इसमें प्रवेश मिलेगा। इसका सीधा और बड़ा फायदा मध्यम गरीब परिवारों को होगा।

जानकारी अनुसार, कोण्डागांव जिले में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वकांक्षी योजना स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के तहत वर्तमान में कुल 9 हिन्दी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालय में मर्दापाल, कोनगुड़ विश्रामपुरी, केशकाल फरसगांव, माकड़ी, जामकोटपारा कोण्डागांव, महात्मा गांधी वार्ड कोण्डागांव एवं तहसीलपारा कोण्डागांव शामिल हैं। वर्तमान में संचालित स्वामी आत्मानंद विद्यालय का लाभ लगभग 7 हजार छात्र छात्राओं को मिल रहा हैं। इसी तरह शामपुर, धनोरा, लंजोड़ा, बड़ेराजपुर, दहीकोंगा, बहीगांव, खालेमुरवेंड, लुभा, बम्हनी और बड़ेडोंगर में कुल 10 विद्यालय आगामी सत्र में खुलने वाले हैं। जिसमें लगभग 10 हजार विद्यार्थी प्रवेश लेकर पढ़ाई करेंगे।

 

निजी स्कूलों में एडमिश्न हुआ कम
वर्तमान में कोण्डागांव जिला में जो 9 स्वामी आत्मानंद स्कूल संचालित है, वे सर्व सुविधा युक्त बनाए गए हैं। यहां किसी निजी स्कूल के ही तर्ज पर विद्यार्थियों को अंग्रेजी और हिन्दी माध्यम में उत्कृष्ट शिक्षा दी जा रही हैं। विद्यालय में छात्र-छात्राओं के अध्ययन हेतु लैब लाईब्रेरी, खेल हेतु गुणवत्ता युक्त संसाधन उपलब्ध करवाया जा रहा हैं। खेल के लिए विद्यालयों के छात्र-छात्राओं हेतु खेल के अलग-अलग स्तर पर खेल का आयोजन करना एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया जाता हैं, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बल मिलता हैं। प्रयोगशालाओं में प्रयोग करने से विषय वस्तु की समझ का विकास होना एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण उत्पन्न करना एवं लाईब्रेरी के माध्यम से किताबों के ज्ञान एवं पुस्तक पढऩे की अभिरूचि उत्पन्न करना ही विद्यालय का मुख्य उद्देश्य हैं। इसका असर निजी स्कूलों की छात्र संख्या पर पढऩे लगा हैं। निजी स्कूलों में प्रवेश की संख्या कम होने के साथ विद्यार्थी संख्या में भी कमी आने लगे हैं।

शिक्षा के साथ रोजगार के भी अवसर
कोण्डागांव के जिला शिक्षा अधिकारी अशोक पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय संचालन से केवल विद्यार्थी और विद्यार्थी परिजनों को ही फायदा नहीं हो रहा, बल्कि क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगारों को भी इसका लाभ मिल रहा हैं। उन्होने बताया कि, जिला में चल रहे 9 स्वामी आत्मानंद स्कूल में लगभग 200 बेरोजगारों को रोजगार का अवसर दिया हैं। इसी तरह 10 नए आत्मानंद विद्यालय से लगभग 300 शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार का अवसर मिलेगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news