राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मार्च। प्रदेश भाजपा के आह्वान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव के नेतृत्व में राजधानी रायपुर में बुधवार को भाजपा ने प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने विधानसभा घेराव के दौरान शासन के विरूद्ध आंदोलन में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और विरोध प्रदर्शन की अगुवाई की।
भाजपा नेता नीलू शर्मा ने बताया कि विधानसभा के जीरो पाईन्ट से जुड़े मार्गों पर शासन द्वारा आंदोलनकारियों के दमन के लिए जगह-जगह लगाए गए बेरिकेटिंग को तोडक़र आंदोलनकारियों ने मौजूदा कांग्रेस शासन के खिलाफ आंदोलन एवं विरोध प्रदर्शन किया है। जिससे आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिकोण के भाजपा के लिए एक बड़ी उपलब्धि एवं शुभ संकेत के रूप में देखा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जोरा मैदान रोड में उनके विरोध प्रदर्शन के दौरान शासन ने पुलिस बल का प्रयोग कर आंदोलनकारियों को पस्त करने का हरसंभव प्रयास किया, पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं प्रदर्शन से जुड़े प्रदेश के वंचित और शोषित हितग्राहियों ने इस आंदोलन को थमने नहीं दिया और कुछ ही घंटों की जद्दोजहद के बात प्रदर्शनकारियों ने जीरो पाईन्ट के समीप पहुंचने में सफलता पा ली थी।
पुलिस द्वारा सैकड़ों प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के बाद यह आंदोलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो सत्तारूढ़ कांग्रेस शासन के विरूद्ध प्रदेश के वंचित एवं शोषित हितग्राहियों की एक बड़ी जीत है।