राजनांदगांव
.jpeg)
मौसम के करवट बदलने से लोग ठिठुरे, तापमान में गिरावट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 मार्च। चक्रवाती हवाओं के असर से शनिवार को घंटेभर बादल बरसे। एकाएक सुबह 10 बजे के आसपास घने बादल छा गए और थोड़ी देर में झमाझम बारिश हुई। तेज बूंदों के पडऩे से पहले तेज हवाएं चली। बादलों का रूख देखकर बारिश होने का अंदेशा बन गया। मौसम विभाग ने राजनांदगांव समेत प्रदेशभर में बारिश होने के लिए अलर्ट जारी किया था। गरज-चमक के अलावा आंधी और ओले गिरने की संभावना पर मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया था। राजनांदगांव जिले के अलावा खैरागढ़ और मोहला-मानपुर क्षेत्र में भी सुबह बादल जमकर बरसे। मौसम के करवट बदलने से ठिठुरन बढ़ गई। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को चैत्र के महीने में कांपते हुए देखा गया। बारिश के चलते जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा।
शनिवार सुबह से ही तेज बारिश होने का अनुमान घने बादलों को देखकर लगाया जा रहा था। सुबह मूसलाधार बारिश होने से गर्म मौसम में नमी आ गई। बताया जा रहा है कि दक्षिण से आ रही हवाओं से चक्रवाती बारिश के लिए एक सिस्टम बना। इसके चलते न सिर्फ राजनांदगांव बल्कि विदर्भ और मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में भी आज जमकर बारिश हुई। बेमौसम बारिश के कारण पिछले कुछ दिनों से गर्मी से हलाकान लोगों को राहत मिली। बारिश से रबी की फसलों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचने का अंदेशा जताया जा रहा है। गेहूं और चने की खड़ी फसलों को बारिश से हानि होने की आशंका बढ़ गई है। घंटेभर की बारिश के चलते शहर के कुछ हिस्सों में पानी सडक़ों में जमा नजर आया। सफाई की कमी के चलते नालियां जाम हो गई। इस वजह से बरसाती पानी सडक़ों में फैला नजर आया।
बताया जा रहा है कि 20 मार्च तक मौसम विभाग ने बारिश के अलावा बिजली गिरने की भी आशंका जाहिर की है। मौसम के रूख बदलने के कारण लोगों को आज गर्मी से निजात मिली। आज दिनभर बादल छाने से मौसम सर्दीला हो गया।