रायपुर

साई छत्तीसगढ़ में खोलेगा 10 नए खेलो इंडिया सेंटर, बढक़र हुए 24
18-Mar-2023 6:37 PM
 साई छत्तीसगढ़ में खोलेगा 10 नए खेलो इंडिया सेंटर, बढक़र हुए 24

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 मार्च। छत्तीसगढ़ के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रस्ताव पर भारतीय खेल प्राधिकरण ने प्रदेश में खेलो इंडिया स्कीम के तहत दस नए खेलो इंडिया लघु केन्द्रों की स्थापना की मंजूरी दी  है। ये दसों केन्द्र अलग-अलग जिलों में एक-एक खेल के लिए खोले जाएंगे। साई ने  हॉकी, कुश्ती, फुटबाल, कबड्डी और तीरंदाजी के लिए खेलो इंडिया लघु केन्द्र की मंजूरी दी गई है। इन केन्द्रों की स्थापना के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण वित्तीय सहायता भी प्रदान करेगा। छत्तीसगढ़ में अब खेलो इंडिया स्कीम के तहत कुल केंद्रों की संख्या 24 हो गई है।

मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।उन्होंने कहा कि यह ‘खेलबो जीतबो गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ की परिकल्पना को साकार करने में एक और सार्थक कदम सिद्ध हुआ है। छत्तीसगढ़ के खेल एवं युवा कल्याण विभाग संचालनालय ने  खेलो इण्डिया सेंटर प्रारंभ करने का प्रस्ताव साईं को भेजा था, जिसमें बस्तर में हॉकी, धमतरी में कुश्ती, जांजगीर चांपा में हॉकी, कोरबा में फुटबॉल, बलरामपुर में फुटबॉल, बेमेतरा में कबड्डी, दंतेवाड़ा में तीरंदाजी, महासमुंद में तीरंदाजी, मुंगेली में फुटबॉल तथा सूरजपुर में फुटबॉल खेल की नए खेलो इंडिया लघु केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। इससे पहले जिला नारायणपुर में मलखम्भ, बीजापुर में तीरंदाजी, शिवतराई बिलासपुर में तीरंदाजी, गरियाबंद में वालीबॉल, सरगुजा में फुटबॉल, जशपुर में हॉकी एवं राजनांदगांव में हॉकी की खेलो इण्डिया लघु केन्द्र खोलने की कार्यवाही प्रगति पर है। अब तक पहले चरण के 7 जिलों में प्रत्येक जिले को लघु केन्द्र के लिए 7-7 लाख रूपए जारी किए जा चुके हैं। अन्य 7 स्वीकृत जिले बालोद में वेटलिफ्टिंग, बलौदाबाजार में फुटबॉल, दुर्ग में कबड्डी, कांकेर में खो-खो, रायपुर में वेटलिफ्टिंग, रायगढ़ में बैडमिंटन एवं सुकमा में फुटबॉल की राशि भारतीय खेल प्राधिकारण द्वारा दिया जाना प्रक्रियाधीन  है।  इस प्रकार राज्य के 24 जिलों में 24 खेलो इंडिया लघु केंद्र के माध्यम से खिलाडिय़ों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।

स्थानीय खिलाडिय़ों को बढ़ावा देने बड़ा काम-साव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा छत्तीसगढ़ में 10 नए ‘खेलो इण्डिया’ सेंटर्स की स्वीकृति देने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि स्थानीय खिलाडिय़ों को बढ़ावा देने के लिए यह एक बहुत बड़ा और ऐतिहासिक कदम है। आज की इस बड़ी उपलब्धि के लिए श्री साव ने छत्तीसगढ़ के सभी खिलाडिय़ों को और खेल प्रेमियों को बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि जब से देश में नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनी है, तब से भारत सरकार हर क्षेत्र में योजना बनाकर काम कर रही है। खेल के क्षेत्र में भी लगातार काम हो रहा है। खेल और खिलाडिय़ों की तरक्की के लिए योजना बनाकर व्यापक तौर पर काम हो रहा है। भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा 10 नए ‘खेलो इण्डिया’ सेंटर्स की स्वीकृति को बड़ी उपलब्धि है।

बताते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास को सही दिशा और प्रोत्साहन मिलेगा। श्री साव ने बताया कि फुटबॉल के लिए मुंगेली, सूरजपुर, कोरबा और बलरामपुर जिले में, तीरंदाजी के लिए दन्तेवाड़ा और महासमुन्द में, हॉकी के लिए बस्तर और जाँजगीर-चाँपा में, कबड्डी के लिए बेमेतरा तथा कुश्ती के लिए धमतरी में खेलो इण्डिया सेंटर्स खोले जाएंगे। श्री साव ने कहा कि इससे पूर्व भी प्रदेश के सात अलग-अलग जिलों में अलग-अलग खेलों के लिए केन्द्र खोलने की स्वीकृति मिली है। स्थानीय खिलाडिय़ों को बढ़ावा देने के लिए ये बहुत बड़ा और ऐतिहासिक कदम है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news