कोण्डागांव

सीएम ने किया वर्चुअल भूमिपूजन-लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 18 मार्च। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोण्डागांव जिले के केशकाल विकासखण्ड के बांसकोट में भक्त माता कर्मा जयंती के अवसर पर जिले को 154 करोड़ 10 लाख के 145 विभिन्न विकास कार्यों का वर्चुअल माध्यम से भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें उन्होंने 97 करोड़ 98 लाख के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 56 करोड़ 11 लाख के 123 कार्यों का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर बस्तर सांसद दीपक बैज, विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष चंदन कश्यप, जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, आई जी बस्तर सुंदरराज पी., कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, सीईओ जिला पंचायत प्रेम शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।
विकास कार्यों में लोकार्पण कार्य के तहत लोक निर्माण विभाग के 8.78 करोड़ के 02 कार्यों, वनमण्डल कोण्डागांव के 1.16 करोड़ के 05 कार्यों, केशकाल वनमण्डल अंतर्गत 93.42 लाख के 14.70 किमी के 03 नरवा विकास कार्यों, सीजीएमसी द्वारा 2.88 करोड़ के 06 कार्यों, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के जल जीवन मिशन अंतर्गत 10.27 करोड़ के पूर्ण 23 एकल ग्राम योजनाओं, सीएसपीडीसीएल द्वारा बड़बत्तर में 7.10 करोड़ के 33/11 के0व्ही0 के विद्युत उपकेन्द्र, जनपद पंचायत बड़ेराजपुर के 1.21 करोड़ के 15 कार्यों, धनोरा में 22.50 लाख के लघु धान्य फसल संस्करण ईकाई, पीडब्लूडी के 19.30 करोड़ के 02 कार्यों, जनपद पंचायत केशकाल के 1.22 करोड़ 37 कार्यों, जनपद पंचायत कोण्डागांव के 54.46 लाख के 06 कार्यों, जनपद पंचायत मकाड़ी के 94.83 लाख के 22 कार्यों का लोकार्पण किया। जिसमें कोण्डागांव का निर्मित शासकीय आदर्श आवासीय महाविद्यालय, नवनिर्मित छात्रावास सह साहू सदन, नरवा विकास अंतर्गत मुन्डेसा, चिंगनार एवं गौरगांव नाला प्रबंधन आदि सम्मिलित है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने लोक निर्माण विभाग के 36.33 करोड़ के चार कार्यों, दक्षिण वनमण्डल कोण्डागांव में 37.5 लाख के 02 डेम निर्माण, वनमण्डल केशकाल अंतर्गत 04.70 करोड़ के 04 नरवा विकास कार्यों, सीजीएमएससी द्वारा केशकाल में 50 बिस्तर के क्रिटिकल हेल्थ केयर ब्लॉक निर्माण, जल जीवन मिशन अंतर्गत 18.45 करोड़ लागत से 08 ग्रामों में नल जल प्रदाय योजना, पीएमजीएसवाय अंतर्गत 14.37 करोड़ लागत के 213 किमी सडक़ एवं वृहद पुल निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।