दन्तेवाड़ा
पंचायत सचिव की बेमुद्दत हड़ताल जारी
20-Mar-2023 10:03 PM

दंतेवाड़ा, 20 मार्च। प्रदेश पंचायत संघ के बैनर तले दंतेवाड़ा में भी सचिव संघ की हड़ताल जारी है। पंचायतों में शासकीय कार्य ठप हो गए हैं। इसके कारण आम जनमानस को बड़ी परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर पंचायत सचिव संघ के नेताओं ने मीडिया को जानकारी में बताया कि विगत 28 वर्षों से सचिव संघ की एक ही मांग है। जिसमें सचिवों का शासकीयकरण किया जाए। इसके फल स्वरुप सचिवों को भी अन्य शासकीय कर्मचारियों के समान लाभ प्राप्त हो सकेगा जिसमें पदोन्नति और क्रमोन्नति मुख्य रूप से शामिल है।
सचिव संघ के जिलाध्यक्ष पीलू डेगल ने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा भी सचिव संघ की मांगों की उपेक्षा की गई थी, वहीं वर्तमान भूपेश सरकार द्वारा भी संघ की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसके फलस्वरुप सचिव संघ में आक्रोश व्याप्त है।