बस्तर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 मार्च। बस्तर पुलिस विभाग द्वारा 19 मार्च को महिला सशक्तिकरण पर आधारित कार्यक्रम अभिव्यक्ति का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को पुलिस विभाग द्वारा लांच अभिव्यक्ति एप की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर बादल के संगीत विभाग द्वारा गीतों की प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुतियों के क्रम में पहले बादल के संगीत कलाकारों के द्वारा नारी सशक्तिकरण पर आधारित गीत हिन्द की हम नारियां, क्रांति की चिंगारियां की प्रस्तुति दी गई। उसके बाद बादल में चल रहे लोक संगीत पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी विवाह गीत की प्रस्तुति दी,जिसे विवाह के अवसर पर महिलाओं के द्वारा गाया जाता है। उसके बाद बादल द्वारा संयोजित लोक नृत्य का प्रदर्शन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बस्तर की छात्राओं के द्वारा किया गया।
इस कार्यक्रम में बस्तर की विशिष्ट महिलाओं को पुलिस विभाग द्वारा सम्मानित किया गया, जिसके अंतर्गत बादल की प्रभारी अधिकारी पूर्णिमा सरोज को भी उनके कला एवम् साहित्य के क्षेत्र में किए गए विशिष्ट कार्यों हेतु सम्मानित किया गया।